24 जून 2020 - 14:15
क्या वेनेज़ुएला जाने वाले ईरानी जहाज़ों के मार्ग में अमरीका रुकावट डालने की योजना बना रहा है? मिसाइल विध्वंसक यूएसएस निट्ज़े किया रवाना

जैसे ही ईरान का छठा कार्गो जहाज़ खाद्य पदार्ध लेकर वेनेज़ुएला की बंदरगाह पर पहुंचा, अमरीकी नौसेना का एक जहाज़ वेनेज़ुएला के तट के आसपास मंडराने लगा।

अमरीकी सेना की दक्षिणी कमान (SOUTHCOM) ने इसे "जहाज़रानी की स्वतंत्रता" क़रार दिया है।

ग़ौरतलब है कि अमरीका ने वेनेज़ुएला और ईरान दोनों पर ही कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं और पिछले महीने तेल लेकर जब ईरान का पहला टैंकर वेनेज़ुएला पहुंचने वाला था, तो अमरीका ने उस पर हमला करने की धमकी दी थी।


लेकिन ईरान की सख़्त जवाबी कार्यवाही की चेतावनी के बाद, अमरीकी नौसेना ने अपना इरादा बदल दिया और ईरानी जहाज़ों के मार्ग में कोई रुकावट खड़ी नहीं की।

हालांकि अपनी बदनामी से बचने के लिए ट्रम्प प्रशासन ने ईरान की जहाज़रानी कंपनियों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर दी।

अमरीकी सेना की दक्षिणी कमान ने अपनी वेबसाइट पर एक बयान में कहा है कि "मिसाइल विध्वंसक यूएसएस निट्ज़े को वेनेज़ुएला के जल क्षेत्र के निकट रवाना किया गया है। जो उसके तटों से क़रीब 12 समुद्री मील (22 किमी) की दूरी पर है, लेकिन इस क्षेत्र पर वेनेज़ुएला सरकार अपने निंयत्रण का दावा करती है।"

साउथकॉम के बयान में कहा गया हैः अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों के दायरे में रहकर, अमरीका जहां चाहेगा वहां अपने विमान उड़ाएगा और जहाज़ों को रवाना करेगा।

अप्रैल में वेनेज़ुएला के जहाज़ों के मार्ग में रुकावट उत्पन्न करने के उद्देश्य से अमरीका ने कैरिबियन सागर में नौसेना की नफ़री बढ़ा दी थी।

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाने के लिए हर विकल्प के इस्तेमाल की धमकी देते रहे हैं, लेकिन अमरीकी सैन्य अधिकारी किसी भी संभावित सैन्य टकराव का इनकार करते रहे हैं।