22 जून 2020 - 14:16
पश्चिमी तट के बारे में इस्राईली मंत्रीमंडल में दरार, नेतनयाहू ने गेन्ट्ज़ को धमकी दी

इस्राईली मीडिया ने बताया है कि पश्चिमी तट के कुछ इलाक़ों को इस्राईल में शामिल करने की योजना पर ज़ायोनी प्रधानमंत्री और युद्धमंत्री में भारी मतभेद पैदा हो गया है।

इस्राईल ह्यूम अख़बार ने रिपोर्ट दी है कि ज़ायोनी प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू ने युद्ध मंत्री बेनी गेन्ट्ज़ से कहा है कि अगर उनकी पार्टी ने पश्चिमी तट की योजना को लागू करने का विरोध किया तो वे मंत्रीमंडल को भंग करने और दोबारा चुनाव कराने पर मजबूर होंगे। पत्र ने लिखा है कि नेतनयाहू ने गेन्ट्ज़ के साथ अपनी हालिया बैठकों में इस बात पर कई बार बल दिया है, विशेष कर इस लिए भी कि सेंचुरी डील नामक ट्रम्प की योजना को लागू करने के लिए अमरीका को ज़ायोनियों से गठजोड़ की ज़रूरत है।

 

नेतनयाहू ने पश्चिमी तट को इस्राईल से जोड़ने की योजना को लागू करने की अपनी कटिबद्धता पर बल दिया है और कहा है कि इसे लागू करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं है। उन्होंने कहा है कि अगर गेन्ट्ज़ इस संबंध में अपने रुख़ पर अड़े रहे तो फिर मध्यावधि चुनाव कराने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचेगा। गेन्ट्ज़ का कहना है कि पश्चिमी तट के कुछ इलाक़ों को इस्राईल से जोड़ने की योजना को तभी लागू किया जाए जब इस्राईल का दो साल का बजट पास हो जाए। नेतनयाहू सिर्फ़ एक साल का बजट पास करना चाहते हैं ताकि उनके पास संसद को भंग करने का अवसर रहे।