19 जून 2020 - 13:59
इस्राईल में सनसनी, प्रधानमंत्री कार्यालय का वरिष्ठ अधिकारी निकला जासूस, नेतनयाहू ने ख़ुद नियुक्ति की थी, बनाना चाहते थे वायु सेना का प्रमुख

इस्राईल में सुरक्षा से जुड़ा एक बहुत बड़ा मामला सामने आया है। ज़ायोनी शासन के प्रधानमंत्री बिनयामिन नेतनयाहू के कार्यालय में काम करने वाले कथित जासूस का पता लगने की बात सामने आई है।

इस्राईल के अख़बार हाआरेत्ज़ ने शुक्रवार को लिखा कि अब बेहद गंभीर सुरक्षा घटना की रिपोर्टिंग की अनुमति मिली है। घटना यह है कि प्रधानमंत्री कार्यालय में काम करने वाले जासूस का पता चला है।

अख़बार ने लिखा कि जासूसी करने वाले अधिकारी के रूप में सामरिक मामलों के सचिव यूहानन लोकर का नाम लिया जा रहा है जिन्हें नेतनयाहू ने ख़ुद नियुक्त किया था।

नेतनयाहू ने लोकर को वायु सेना प्रमुख भी बनाना चाहा था मगर बाद में उन्हें रक्षा बजट का अध्ययन करने वाली लोकर कमेटी का अध्यक नियुक्त किया था।

अभी यह पता नहीं चल सका कि लोकर किसके लिए जासूसी करते थे और वह क्या महत्वपूर्ण राज़ दे चुके हैं।