इस्राईली अधिकारियों का कहना है कि शैरी रेडस्टोन के बेटे ने कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लागू किए गए नियमों का उल्लंघन करते हुए ख़ुफ़िया तौर पर अपनी गर्लफ़्रैंड के घर पहुंचकर उनसे मुलाक़ात की थी।
इस्राईल के जनसंख्या तथा अप्रवासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को ब्रैंडन कॉर्फ़ को उनके भाई से मुलाक़ात के लिए यात्रा की विशेष अनुमति प्रदान की गई थी, जो इस्राईली सेना के लिए काम कर रहे हैं।
बयान में कहा गया है कि कॉर्फ़ ने इस्राईल में प्रवेश करते ही कोरंटीन नियमों की धज्जियां उड़ानी शुरू कर दीं और अपनी इस्राईली गर्लफ़्रैंड से न केवल मुलाक़ात की, बल्कि उसके साथ एक ही अपार्टमेंट में ठहरे।
इस्राईली अधिकारियों ने कहा है कि वायोकॉम-सीबीसी की चेयरमेन के बेटे कॉर्फ़ को तुरंत रूप से इस्राईल छोड़ने का आदेश दे दिया गया है।
हालांकि इस्राईल ने कॉर्फ़ की गर्लफ़्रैंड की पहचान ज़ाहिर नहीं की है, लेकिन मीडिया का कहना है कि इस्राईली मॉडल याएल शेलबिया उनकी गर्लफ़्रैंड हैं।
इस्राईल में कोरोना वायरस महामारी से क़रीब 20,000 लोग संक्रमित हो चुके हैं, जबकि 300 से ज़्यादा की जान जा चुकी है।
पिछले हफ़्ते इस्राईली स्वास्थ्य मंत्रालय को उस समय व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा था, जब उसने एक अरबपति व्यवसायी को कोरंटीन नियमों से छूट प्रदान कर दी थी। उसके बाद टेडी सैगी को एक जश्न में देखा गया था।
इस्राईल में व्यापक भ्रष्टाचार के चलते किसी भी नियम और क़ानून का उल्लंघन एक आम बात है। हद तो यह है कि ज़ायोनी प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतनयाहू के ख़िलाफ़ अदालत में भ्रष्टाचार का मुक़दमा चल रहा है, लेकिन वे पांचवी बार प्रधान मंत्री बन गए।