भारत में कोरोना के संक्रमण के मामले दिन ब दिन बढ़ते जा रहे हैं। यह आंकड़ा दो लाख 77 हज़ार तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के लगभग 10 हज़ार नए मामले सामने आए और इस तरह भारत में कोरोना मरीज़ों की संख्या 2 लाख 77 हज़ार तक पहुंच गई है। भारत में अब तक इस घातक वायरस ने 7,745 लोगों की जान ले ली है।
इस समय भारत में कोरोना के एक्टिव मरीज़ों की संख्या 1,33,632 हो चुकी है जबकि कोरोना संक्रमण से रिकवर हुए मरीज़ों की संख्या बढ़कर 1,35, 205 पर पहुंच चुकी है। भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार अब तक 48.99 प्रतिशत मरीज़ों का सफल उपचार किया जा चुका है। कोरोना से संक्रमित मरीज़ों की दृष्टि से भारत दुनिया में छठे स्थान पर है।