7 जून 2020 - 13:26
ट्रम्प को लगा ज़ोर का झटका, 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में नहीं मिलेगा बुश और कई अहम सिनेटरों का साथ!

अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति जाॅर्ज बुश (जूनियर) और एक रिपब्लिकन सिनेटर ने कहा है कि वे 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में वर्तमान राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प का समर्थन नहीं करेंगे।

न्यूयाॅर्क टाइम्ज़ ने अपनी एक रिपोर्ट में लिखा है कि बुश जूनियर और रिपब्लिकन सिनेटर मिट रॉमनी ने कहा है कि नवम्बर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में वे डोनल्ड ट्रम्प का साथ नहीं देंगे। बुश सीनियर के छोटे बेट जेब बुश ने भी कहा है कि वे इस बात को लेकर निश्चिंत नहीं हैं कि अगले चुनाव में ट्रम्प को वोट देंगे। बुश भाइयों का कहना है कि अमरीका के लोग उनके विचारों से अवगत हैं। सिनेटर मिट रॉमनी ने भी कहा है कि वे अगले चुनाव में ट्रम्प का साथ नहीं देंगे। जाॅन मैककैन की पत्नी सिंडी मैककैन ने भी कहा है कि वे डेमोक्रेट उम्मीदवार जो बाइडन का समर्थन करेंगी। रिपोर्ट में कहा गया है रिपब्लिकन पार्टी के पूर्व नेताओं जैसे पाॅल रयान और जाॅन बेनर ने अभी नहीं बताया है कि वे किसे वोट देंगे जबकि कुछ ने ट्रम्प के समर्थन से बचने की कोशिश की है।

 

अमरीका के रिटायर्ड सैन्य अधिकारी भी, जो आम तौर पर अपने राजनैतिक दृष्टिकोणों को सार्वजनिक नहीं करते, खुल कर ट्रम्प के नेतृत्व पर अप्रसन्नता जता रहे हैं अलबत्ता उन्होंने यह नहीं कहा है कि वे उनके विरोधी उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। बाइडन के चुनावी अभियान की जानकारी रखने वाले डेमोक्रेट सूत्रों का कहना है कि बाइडन, अमरीका के दोनों मुख्य दलों का समर्थन हासिल करना चाहते हैं और अपने दल के अंदर अपनी स्थिति को पूरी तरह से मज़बूत बनाने के बाद बाइडन के समर्थक रिपब्लिकंस का गठजोड़ बनाने का इरादा रखते हैं। हालिया दिनों में अनेक रिपब्लिकन नेताओं और सैन्य अधिकारियों की ओर से ट्रम्प का विरोध बढ़ गया है ख़ास करके वाइट हाउस के आस-पास से प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए सैन्य बल इस्तेमाल करने के ट्रम्प के आदेश के बाद तो उनके विरोध में बहुत शिद्दत आ गई है।

 

ट्रम्प का रवैया इस प्रकार का हो गया है कि बहुत से नेताओं के लिए चुप रहना असंभव हो गया है। ट्रम्प सरकार के पूर्व रक्षा मंत्री जेम्स मेटिज़ की ओर से उनकी आलोचना और ट्रम्प को वोट न देने पर आधारित उनके दल की सिनेटर लिज़ा मोरकोवस्की के बयान के बाद अब अमरीका के कई अन्य नेता खुल कर यह कहने लगे हैं कि ट्रम्प, अगली बार राष्ट्रपति बनने के लिए उचित विकल्प नहीं हैं। एडमिरल विलियम मैकराॅन ने, जिन्होंने उसामा बिन लादेन के ठिकाने पर हमले का नेतृत्व किया था, कहा है कि इस साल पतझढ़ का मौसम इस बात के लिए एक अवसर होगा कि देश को एक नया राष्ट्रपति मिले, ट्रम्प ने दिखा दिया है कि वे राष्ट्रपति के पद के योग्य नहीं हैं।

 

जाॅर्ज बुश जूनियर ने ट्रम्प का नाम लिए बिना कहा है कि "हम देख रहे हैं कि राष्ट्रवाद को स्थानीयवाद में बदल दिया गया है और पलायनकर्ताओं के साथ अमरीका आने वाली गतिशीलता को भुला दिया गया है। संकीर्ण दृष्टि और ग़ुंडागर्दी, सामान्य जीवन में पाश्विकता का लाइसेंस दे रही है और हमारे बच्चों के नैतिक प्रशिक्षण को ख़तरे में डाल रही है।" अमरीका में पुलिस के हाथों एक अश्वेत नागरिक जाॅर्ज फ़्लोइड की हत्या के बाद से विभिन्न शहरों में जो प्रदर्शन शुरू हुए हैं उन पर ट्रम्प ने आक्रामक प्रतिक्रिया दिखाई है और अब रिपब्लिकंस में इस बात का डर पैदा हो गया है कि निर्दलीय मतदाता, ट्रम्प के रवैये के चलते रिपब्लिकन पार्टी को वोट नहीं देंगे और इसके चलते सिनेट में इस दल का बहुमत ख़तरे में पड़ जाएगा।