27 मई 2020 - 15:23
ईरानी जनता या ईरान के समर्थकों को उसकी सैन्य शक्ति के बारे में चिंता की ज़रूरत नहीं है, चिंता की ज़रूरत दुश्मन को है, जनरल हाजीज

ईरान की इस्लामी क्रांति फ़ोर्स आईआरजीसी के एक वरिष्ठ कमांडर ने ईरानी जनता को आश्वासन दिलाते हुए कहा है कि 1979 में क्रांति की सफलता के बाद से देश की रक्षात्मक शक्ति आज सबसे ऊंचे स्तर पर है।

आईआरजीसी के एयरोस्पेस विभाग के कमांडर जनरल अमीर अली हाजीज़ादे ने रविवार को कहाः "इस्लामी क्रांति की सफलता के बाद से हमारी रक्षा तैयारी उच्चतम स्तर पर है, इसलिए हमारे लोगों को इस बारे में किसी तरह की चिंता करने की ज़रूरत नहीं है।"

जनरल हाजीज़ादे का कहना था कि रक्षा क्षेत्र में ईरान बहुत शक्तिशाली है, इस बारे में किसी को भी कोई चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। हां, इस बारे में दुश्मन को ज़रूर चिंता करने की ज़रूरत है।

उन्होंने यह भी कहा कि अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में ईरानी राष्ट्र को बड़ी समस्या का सामना है, इसलिए ईरानी जनता और अधिकारियों को आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने चाहिएं।

ग़ौरतलब है कि ईरान की इस्लामी क्रांति के वरिष्ठ नेता आयतुल्लाहिल उज़मा सैय्यद अली ख़ामेनई ने किसी भी संभावित युद्ध या दुश्मन के ख़तरों का मुक़ाबला करने के लिए देश की रक्षात्मक शक्ति को मज़बूत बनाने पर बल दिया है।

अमरीकी प्रतिबंधों और पश्चिम की आर्थिक दबाव की नीतियों के बावजूद ईरान ने रक्षा क्षेत्र में बड़ी महत्वपूर्ण सफ़लताएं हासिल की हैं, और सैन्य उपकरणों और हथियारों के उत्पादन में काफ़ी हद तक आत्मनिर्भरता हासिल कर ली है।

तेहरान का कहना है कि उसकी सैन्य शक्ति और हथियार पूरी तरह से दुश्मन के ख़तरों के ख़िलाफ़ रक्षात्मक उद्देश्यों के लिए है और इस बारे में किसी पड़ोसी या मित्र देश को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है।