वेनेज़ुएला की सरकार और जनता ने अमरीकी धमकियों की परवाह नहीं करते वेनेज़ुएला पहुंचने वाले ईरानी तेल टैंकर का स्वागत किया है और इस क़दम के लिए तेहरान का आभार व्यक्त किया है।
इस अवसर पर हैशटैग #GraciasIran (थैंक यू, ईरान) ट्विटर पर लॉन्च किया गया, जो थोड़ी ही देर में इस देश के सबसे ज़्यादा ट्रैंड करने वाले ट्वीट में शामिल हो गया।
ईरानी तेल टैंकरों के रास्ते में रुकावट डालने की अमरीकी धमकियों के बावजूद, मित्र देश की ईंधन की ज़रूरतों की आपूर्ति के लिए ईरान के इस क़दम की वेनेज़ुएला में जमकर तारीफ़ हो रही है और लोग सोशल मीडिया पर तेहरान और काराकस के बीच सहयोग बढ़ाने वाले कमेंट्स कर रहे हैं।
काराकास स्थित ईरानी दूतावास ने अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से किए गए ट्वीट में लिखा हैः आज ईरान और वेनेज़ुएला के बीच दोस्ती और रिश्ते बहुत मज़बूत और गहरे हैं। पहला तेल टैंकर पहुंच गया है। एस्कोर्ट के लिए सशस्त्र सेनाओं का शुक्रिया। ईरान और वेनेज़ुएला की दोस्ती ज़िंदाबाद।
संयुक्त राष्ट्र संघ में वेनेज़ुएला के प्रतिनिधि सैमुअल मोनकादा ने ट्वीट किया है कि वेनेज़ुएला के लिए ईरानी पैट्रोल की आपूर्ति संप्रभुता, स्वतंत्रता और शांति के लिए संघर्ष के मार्ग में एक महत्वपूर्ण मोड़ है। ट्रम्प और उनके एजेंट कोरोना महामारी का फ़ायदा उठाकर इन तेल टैंकरों पर हमला करने की साज़िश कर रहे थे, लेकिन अमरीकी विशेषज्ञ उन्हें कुछ और ही मशवरा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर अमरीका ने ईरानी तेल टैंकरों के ख़िलाफ़ कोई क़दम उठाया होता तो इसे हम युद्ध की शुरूआत समझते।