19 मई 2020 - 13:42
भारत ने सुपर पाॅवर को भी पिछाड़ा, कोरोना पीड़ितों को ठीक करने का लोहा मनवाया

भारत में कोरोना पीड़ितों के ठीक होने की दर अमेरिका से 20 गुना बेहतर है।

भारत के नीति आयोग के सीईओ अमिताभ कांत ने ट्वीट कर बताया कि हमारी स्थिति काफ़ी बेहतर है। उन्होंने लिखा कि देश में प्रति दस लाख लोगों पर सिर्फ़ दो लोगों की मौत हो रही है, जबकि अमेरिका में यह संख्या 275 और स्पेन में 591 है।

भारत में मृत्युदर लगभग तीन प्रतिशत है और स्वस्थ होने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दुनिया में अगर कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने की बात करें तो अमेरिका में दो प्रतिशत, रूस में 11, इटली में 14, तुर्की में 18, फ्रांस में 21, स्पेन में 22, जर्मनी में 29 और भारत में 40 प्रतिशत कोरोना मरीज अभी तक स्वस्थ हो चुके हैं।

भारत में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा रहा है और इससे संक्रमित होने वालों का आंकड़ा 1 लाख पार कर गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से 4970 नए मामले सामने आए हैं और करीब 134 लोगों की मौतें हुई हैं।

मंगलवार को जारी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर करीब 101139 हो गए हैं और कोविड-19 से अब तक 3163 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना के कुल 101139 केसों में 58802 एक्टिव केस हैं, वहीं 39174 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है या फिर वह ठीक हो चुके हैं। कोरोना वायरस से अब तक सर्वाधिक 1249 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। यहां अब इस महामारी से पीड़ितों की संख्या 35058 हो गई है।