18 मई 2020 - 11:13
इस्लामोफ़ोबिक पोस्ट और मुसलमानों के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाने वाले गुप्ता जी को नौकरी और यूएई से निकाल बाहर किया गया

भारत में मुसलमानों के ख़िलाफ़ नफ़रत फैलाने और सोशल मीडिया पर इस्लामोफ़ोबिक पोस्ट करने के आरोप में एक अन्य भारतीय नागरिक को संयुक्त अरब इमारात में अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है।

संयुक्त अरब इमारात में हिंदुत्ववादी भारतीयों की एक लम्बी सूची है, जो सोशल मीडिया पर इस्लाम और मुसलमानों के ख़िलाफ़ नफ़रत फैला रहे थे, इस सूची में शामिल अपनी नौकरी खोने और देश से बाहर निकाले जाने वालों में रास अल-ख़ैमाह की एक खनन फ़र्म के कर्मचारी का नाम जुड़ गया है।

ब्रज किशोर गुप्ता ने अपनी फ़ेसबुक पोस्ट में भारतीय मुसलमानों को कोरोना वायरस फैलाने वाला बताया था और दिल्ली दंगों की मुसलमानों के ख़िलाफ़ ईश्वरीय न्याय के रूप में सराहना की थी।

फ़रवरी के आख़िर में दिल्ली की तारीख़ के बदतरीन साम्प्रदायिक दंगों में हिंदुत्ववादियों पर सुनियोजित रूप से मुसलमानों का जनसंहार करने और उनकी संपत्तियों को आग के हवाले करने का आरोप है।

नफ़रत फैलाने वाली इस तरह की पोस्ट के सामने आने के बाद, गुप्ता को तत्काल रूप से नौकरी से निकाल दिया गया और तुरंत यूएई छोड़ने का आदेश दे दिया गया।

बिहार राज्य में छपरा के रहने वाले गुप्ता स्टिवन रॉक कंपनी के मुख्यालय में एक प्रतिष्ठित पोस्ट पर काम करते थे।

कंपनी के व्यवसाय विकास प्रबंधक ज्यां-फ्रांस्वा मिलियन का कहना है कि एक कर्मचारी से जुड़े इस आरोप की जांच की गई, जिसके तुरंत बाद और बिना किसी नोटिस के उसे स्टिवन रॉक से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।