ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपूर ने सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए देश में कोरोना के अंतिम आंकड़ों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना के 2,294 नए मामले सामने आए और इस प्रकार अब तक देश में कोरोना से संक्रमित होने वाले लोगों की कुल संख्या एक लाख बाइस हज़ार 492 हो चुकी है। उन्होंने बताया कि इनमें से 95 हज़ार 661 मरीज़ों का सफलता के साथ इलाज करके उन्हें अस्पतालों से घर भेजा जा चुका है। जहानपूर ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के कारण 69 लोगों की मौत हो गई और इस प्रकार देश में इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या 7,057 हो गई है।
इस बीच पूरी दुनिया में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 48 लाख से अधिक हो चुकी है जिनमें से तीन लाख 17 हज़ार की मौत हो गई है जबकि 18 लाख से अधिक लोगों का सफलता से इलाज किया जा चुका है। अमरीका में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या सबसे ज़्यादा है। इस देश में पंद्रह लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित हुए हैं जबकि क़रीब 91 हज़ार लोग मर चुके हैं। रूस में लगभग तीन लाख लोग कोरोना से संक्रमित हैं जबकि 2,722 लोगों की मौत हो गई है। स्पेन में कोरोना के पौने तीन लाख से ज़्यादा मामले सामने आ चुके हैं जिनमें से 27,650 मर चुके हैं। ब्रिटेन में भी लगभग ढाई लाख लोग कोरोना में ग्रस्त हुए हैं और 34,636 लोग मर चुके हैं। ब्राज़ील में भी कोरोना के मामले बहुत तेज़ी से बढ़ रहे हैं और वहां दो लाख चालीस हज़ार से ज़्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हैं जबकि 16 हज़ार से ज़्यादा मर चुके हैं। इटली में सवा दो लाख से ज़्यादा लोग कोरोना से संक्रमित हैं जिनमें से लगभग 32 हज़ार की मौत हो चुकी है। फ़्रान्स में पौने दो लाख से ज़्यादा मामले सामने आ चुके हैं जिनमें 28 हज़ार से ज़्यादा लोग मर चुके हैं।