भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार को जारी किए गए बयान के मुताबिक़ इस देश में 24 घंटे में कोरोना के 5 हज़ार से अधिक नए मामले सामने आए हैं। बयान के अनुसार कुल 96 हज़ार 169 लोग निश्चित रूप से कोरोना से संक्रमित हुए हैं जिनमें से 3 हज़ार 49 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच 36 हज़ार से ज़्यादा मरीज़ों का सफल उपचार किया जा चुका है। भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार इस समय देश में 56 हज़ार 316 एक्टिव केस हैं।
भारत में महाराष्ट्र राज्य में कोरोना के मामले सबसे ज़्यादा है जहां कोरोना मरीज़ों की संख्या 33 हज़ार के पार पहुंच गई है जबकि मरने वालों की संख्या भी लगभग बारह सौ तक जा पहुंची है। गुजरात में कोरोना संक्रमितों की संख्या 11 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है जबकि साढ़ छः सौ से अधिक मर चुके हैं। तमिलनाडु में भी कोरोना संक्रमण तेज़ी से बढ़ रहा है और इस राज्य में कोरोना के 11 हज़ार से अधिक केसों की पुष्टि हुई है जिनमें से 78 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी दिल्ली में भी कोरोना मरीज़ों का आंकड़ा 10 हज़ार को पार कर गया है। भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ दिल्ली में कुल मरीज़ों की संख्या 10 हज़ार 54 है, जिनमें से 160 लोगों की मौत हो चुकी है।