13 मई 2020 - 12:15
चीन के विरुद्ध दुनिया को उकसा रहा है अमरीका, बताया चीन से निकली 5 महामारी

अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट ओ ब्रायन ने कहा कि पिछले बीस साल में चीन से पांच महामारी आई है और इसे किसी ने किसी बिंदू पर तो रोकना ही होगा।

ओ ब्रायन ने मंगलवार को वाइट हाऊस में पत्रकारों से बात करते हुए दुनियाभर में 2 लाख 50 हज़ार लोगों की जान लेने वाली महामारी कोरोना वायरस के लिए चीन को एक बार फिर ज़िम्मेदार ठहराया है।

उनका कहना था कि दुनियाभर के लोग खड़े होंगे और चीन की सरकार से कहेंगे कि हम चीन से निकल रही इन महामारियों को सहन नहीं करेंगे, फिर चाहे ये पशु बाजारों से निकल रही हो या फिर प्रयोगशालाओं से।

अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार  ने कहा कि हमें पता है कि कोरोना वायरस महामारी वुहान से निकली है और पक्के साक्ष्य हैं जो बताते हैं कि यह किसी प्रयोगशाला या पशु बाजार से निकली है।

रॉबर्ट ओ ब्रायन ने कहा कि पिछले 20 साल में चीन से पांच महामारी निकली। सार्स, एवियन फ्लू, स्वाइन फ्लू और अब कोविड-19। जन स्वास्थ्य के ऐसे भयावह हालात के साथ दुनिया आखिर कैसे रह सकती है जिसकी शुरुआत चीन से हुई और फिर यह पूरी दुनिया में फैल गया। उन्होंने यह नहीं बताया कि चीन से निकली पांचवी महामारी कौन सी है।

ज्ञात रहे कि कोरोना वायरस महामारी से अमरीका में सबसे अधिक तबाही हुई और ट्रम्प प्रशासन अपनी विफलताओं का ठीकरा दूसरों के सिर फोड़ने के प्रयास में है।