2 मई 2020 - 17:14
जो बाइडेन ने यौन उत्पीड़न के आरोपों का खंडन किया, ऐसा कुछ कभी नहीं हुआ

अमरीका में राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार जो बाइडेन ने सीनेट की एक पूर्व कर्मी द्वारा उन पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों को ख़ारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि ऐसा कभी हुआ की नहीं। बाइडेन ने अपने ऊपर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों पर पहली बार सार्वजनिक तौर पर बयान दिया है।

बाइडेन ने आरोपों में कई विरोधोभासों का हवाला देते हुए कहा कि वे सही नहीं है,ऐसा कुछ कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि यौन उत्पीड़न के इन आरोपों की जानकारी जटिल है, लेकिन दो बातें क़तई जटिल नहीं हैं। पहली यह कि महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए और जब वे आगे बढ़कर कुछ कहती हैं तो उन्हें चुप कराने के बजाए उनकी बात सुनी जानी चाहिए। दूसरी बात यह है कि उनके बयानों की उचित जांच होनी चाहिए।

बाइडेन ने कहा कि ज़िम्मेदार सामाचार संगठनों को उसकी कहानी में बढ़ते विरोधाभासों की जांच और आकलन करना चाहिए। उसकी कहानी बार-बार बदल रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने उन पर आरोप लगाने वाली महिला से कभी संपर्क नहीं किया और उन्हें ऐसा कुछ भी याद नहीं कि उसने शिकायत की हो।

बाइडेन ने कहा कि राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के तौर पर मैं अमरीकी जनता के प्रति जवाबदेह हूं। हमने काफी समय तक ऐसे राष्ट्रपति को देखा है जो स्वयं को किसी के प्रति जवाबदेह नहीं मानता और किसी बात की जिम्मेदारी नहीं लेता। मैं ऐसा नहीं हूं। मेरा मानना है कि जवाबदेह होने का मतलब मुश्किल संवाद भी करना है, भले ही वह संवाद असहज हो। लोगों को सच्चाई सुननी होगी।

ज्ञात रहे कि एक महिला ने बाइडेन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह घटना कैपिटल हिल के भूतल में 1993 में बाइडेन के कार्यालय में हुई थी और वह उन दिनों वहां काम करती थीं। महिला ने उस समय बाइडेन की सहायक कर्मी के तौर पर काम किया था जब वह डेलावेयर से सीनेटर थे।