फ़्रान्स प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन में बलात्कार की रोकथाम के कार्यालय ने अपनी एक रिपोर्ट में बताया है कि वर्ष 2019 में अमरीकी सैनिकों के यौन अपराधों की संख्या 7,825 तक पहुंच गई जो उससे पहले वाले साल की तुलना में तीन प्रतिशत ज़्यादा है। इस रिपोर्ट के मुताबिक़ अमरीका की वायु सेना में बलात्कार व यौन उत्पीड़न के सबसे ज़्यादा मामले सामने आए हैं।
अमरीकी वायु सेना में यौन अपराधों में 9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि नौसेना में इन अपराधों में 5 प्रतिशत की वृद्धि रिकाॅर्ड की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कुल मामलों में से दो प्रतिशत यौन हमलों के हैं और 73 प्रतिशत बलात्कार सेना के उच्चाधिकारियों ने किए हैं।
हालिया बरसों में अमरीका की सेना में यौन अपराधों व बलात्कार के मामलों में अभूतपूर्व बढ़ोतरी की कई रिपोर्टें सामने आ चुकी हैं। अधिकतर पीड़ितों ने कहा है कि उन्होंने सेना के उच्चाधिकारियों की धमकियों के भय से यौन शोषण की शिकायत करने की हिम्मत नहीं की।