1 मई 2020 - 13:14
भारत में प्रवासी मज़दूरों की घर वापसी के लिए विशेष ट्रेनों को केंद्र की हरी झंडी

भारत की केंद्र सरकार ने अन्य राज्यों में फंसे मज़दूरों की घर वापसी के लिए विशेष ट्रेनें चलाने को मंज़ूरी दे दी है।

भारत में कोरोना लॉकडाउन के दौरान विभिन्न राज्यों में फंसे प्रवासी मज़दूरों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फ़ैसला किया है। बिहार, पंजाब, तेलंगाना और केरल ने केंद्र सरकार से अन्य राज्यों में फंसे लोगों को लाने के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग की थी। इन राज्यों ने कहा था कि इस प्रकार के लोगों की संख्या काफ़ी है और उन्हें बसों से घर पहुंचाने में काफ़ी समय लगेगा और साथ ही संक्रमण का भी ख़तरा रहेगा। इससे पहले गुरुवार को भारत के गृह मंत्रालय ने बसों से इन लोगों की वापसी सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया था लेकिन सोमवार को रेलगाड़ी के ज़रिए भी देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए लोगों की आवाजाही के लिए निर्देश दिया है।

 

इस बीच रेल मंत्रालय ने कहा है कि जिस राज्य से मज़दूर घर के लिए रवाना होंगे, वहां की सरकार को उनकी जांच करनी होगी और जो लोग कोरोना से संक्रमित नहीं होंगे उन्हें ही यात्रा की अनुमति होगी। लॉकडाउन में फंसे मज़दूरों के लिए यह फ़ैसला किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। शुक्रवार को इस प्रकार की छः रेलगाड़ियां चलाए जाने की सूचना है। इन रेलगाड़ियों का किराया मज़दूरों से ही लिया जाएगा।