26 अप्रैल 2020 - 11:10
किम का पत्र सामने आने और उनकी ट्रेन के ठिकाने का पता लगने के बाद क्या इस ड्रामे का पटाक्षेप हो गया?

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन के स्वास्थ्य के बारे में परस्पर विरोधी ख़बरों के बीच उपग्रह से ली गई तस्वीरों में उनकी ट्रेन को देश के पूर्व में एक रिसॉर्ट टाउन में चिन्हित किया गया है।

38 उत्तर निगरानी समूह का कहना है कि किम की ट्रेन को 21 और 23 अप्रैल के बीच वॉनसन में देखा गया था। यह विशेष ट्रेन केवल किम के परिवार के इस्तेमाल के लिए है।

इस दौरान, उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के अनुसार, देश के नेता ने एक पत्र लिखकर अपनी ड्रीम निर्माण परियोजनाओं के श्रमिकों व कर्मचारियों की प्रशंसा की है।

दुनिया भर को उत्तर कोरियाई नेता के स्वास्थ्य संबंधित ड्रामे के पटाक्षेप का इंतज़ार है, जिसमें तरह तरह की ख़बरों के साथ-साथ यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कम की मौत हो चुकी है या वह कोमा में हैं।

सरकारी अख़ाबर रोडोंग सिनमुन की रिपोर्ट के अनुसार, किम ने अपनी सबसे महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं में से एक समजियोन के स्टाफ़ को शुभकामना संदेश भेजा है।

रविवार को अख़बार ने लिखा है कि किम ने "आदर्श समाजवादी टाउन" के पुनर्निर्माण में शामिल कर्मचारियों का शुक्रिया अदा किया है और उनकी प्रशंसा की है। यह वही टाउन है, जहां किम के पिता और उत्तर कोरिया के पूर्व शासक किम जोंग-इल का जन्म हुआ था।

इस क़स्बे को एक मॉडल सिटी में बदला जा रहा है। इस नए शहर में कई नए रेलवे स्टेशन, बिजली और दूरसंचार के बुनियादी ढांचे के साथ सैकड़ों नई इमारतों का निर्माण किया जा रहा है।

38 उत्तर निगरानी समूह का कहना है कि ट्रेन से किम की उपस्थिति या उनके स्वास्थ्य के बारे में कुछ भी साबित नहीं होता है, हां इससे उन अटकलों को बल मिलता है, जिनमें कहा गया है कि उत्तरी कोरिया के नेता देश के पूर्वी तटीय कुलीन क्षेत्र में रह रहे हैं।

उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया ने आख़िरी बार 11 अप्रैल को किम की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली बैठक की सूचना दी थी, जिसके बाद से उनके ठिकाने और स्वास्थ्य के बारे में कोई ख़बर नहीं है।

रॉयटर्ज़ ने विश्वस्त सूत्रों का हवाला देकर दावा किया है कि चीन ने किम के स्वास्थ्य पर सलाह देने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम उत्तर कोरिया रवाना की है।