24 अप्रैल 2020 - 13:51
ट्रम्प के निकम्मेपन की भेंट चढ़ रहे हैं बेगुनाह अमरीकी नागरिक, फिर बना बेहद दुखद रिकार्ड, एक दिन में 3 हज़ार से ज़्यादा मौतें

अमरीका में गुरुवार का दिन बड़ा दुखद साबित हुआ जब अमरीका में 24 घंटे के अंदर कोरोना वायरस के कारण 3 हज़ार से अधिक लोगों ने दम तोड़ दिया।

अमरीका में कोरोना से होने वाली मौतों की दर में कुछ गिरावट दर्ज की गई थी क्योंकि एक दिन में होने वाली मौतें 1500 के आसपास पहुंच गई थीं मगर अचानक अज्ञात कारणों से इसमें तेज़ी आई और गुरुवार को 3176 लोग ज़िंदगी की लड़ाई हार गए।

जान हापकिन्ज़ युनिवर्सिटी से जारी आंकड़ों के अनुसार अमरीका में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 50 हज़ार को पार कर गई है।

इस बीच अमरीका में कुछ व्यापारों और कंपनियों को खोला जाने लगा है। जार्जिया इकानोमी को खोलने में दूसरे राज्यों से आगे है जहां गवर्नर ब्रायन केंप ने सैलून और जिम भी खोल दिए हैं।

ओकलाहोमा, मोनटाना, फ़्लोरीडा, मिनेसोटा ने भी लाकडाउन में ढील कर दी है। मगर मौतों की दर में अचानक वृद्धि से यह सवाल खड़ा हो गया है कि कहीं अमरीकी प्रशासन जल्दबाज़ी तो नहीं कर रहा है?

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प की कड़ी आलोचना की जा रही है कि उन्होंने अपने निकम्मेपन से पूरे देश को गंभीर ख़तरे में डाल दिया। शुरू में तो उन्होने कोरोना वायरस की महामारी को गंभीरता से नहीं लिया और अब वह इकानोमी को पुनः खोलने में जल्दबाज़ी दिखा रहे हैं। साथ ही डोनल्ड ट्रंप एंटी मलेरिया दवा का बहुत प्रचार रहे हैं मगर डाक्टरों का कहना है कि कोरोना वायरस के बीमारों के लिए ट्रम्प का क्लोरोक्वीन दवा का प्रचार करना ग़लत है।