16 अप्रैल 2020 - 17:37
इराक़ सरकारः बहुत जल्द ख़त्म होने वाला है कोरोना वायरस, डब्ल्यूएचओः इराक़ में कोरोना के दम तोड़ने की दो मुख्य वजहें

इराक़ के कार्यवाहक प्रधानमंत्री आदिल अब्दुल महदी ने कहा कि उनका देश कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ संघर्ष में बहुत बड़ी विजय हासिल करने के क़रीब पहुंच गया है जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन डब्ल्यूएचओ का कहना है कि इराक़ में कोरोना वायरस के संक्रमितों के बहुत तेज़ी से ठीक हो जाने की दो मुख्य वजहें हैं।

संगठन ने साथ ही ज़ोर दिया कि प्रसार को रोकने के लिए सामाजिक दूरी की प्रक्रिया जारी रहनी चाहिए।

इराक़ी मीडिया में आने वाली ख़बर के अनुसार आदिल अब्दुल महदी ने बुधवार की शाम स्वास्थ्य व चिकित्सा कमेटी की बैठक में कहा कि कोरोना के संक्रमितों के ठीक होने का श्रेय चिकत्सा विभाग और प्रसार रोकने के प्रयासों को जाता है।

कार्यवाहक प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में संक्रमण की दर बहुत तेज़ी से गिर रही है जबकि टेस्टिंग की प्रक्रिया और भी व्यापक कर दी गई है। उन्होंने कहा कि व्यापक टेस्टिंग और सीमित संक्रमण की दृष्टि से इराक़ दुनिया के बहुत से देशों से आगे है।

इसी बीच डब्ल्यूएचओ ने कहा कि इराक़ में संक्रमितों के तेज़ी से ठीक होने का एक कारण तो यह है कि यहां ईरान और चीन से हासिल की गई दवाओं को मिलाकर संक्रमितों का इलाज किया जा रहा है। इराक़ में डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि अदहम इसमाईल ने कहा कि इराक़ ने बीमारों के इलाज में ईरान और चीन के अनुभवों को प्रयोग किया जिसके चलते इलाज की प्रक्रिया बहुत तेज़ हो गई।


अदहम इसमाईल ने कहा कि दूसरा कारण यह है कि इराक़ के पास बहुत अच्छा चिकित्सा स्टाफ़ है जिसका इस समय देश को फ़ायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि नए मामलों की दर तेज़ी से कम हो रही है लेकिन प्रसार की रोकथाम के लिए की गई कार्यवाही अभी जारी रहनी चाहिए।

इराक़ में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 1415 है जिनमें 79 की मौत हो गई और 812 ठीक हो गए।