15 अप्रैल 2020 - 13:43
स्पेन में मद्धिम पड़ी कोरोना की रफ़तार, जापान में जा सकती हैं लाखों जानें, कई देशों ने की लाक डाउन में ढील

कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दुनिया भर में 20 लाख से अधिक हो गई है जबकि मरने वालों की संख्या 1 लाख 26 हज़ार से अधिक हो गई है। कोरोना की चपेट में आने वालों में 90 प्रतिशत का संबंध अमरीका और यूरोप से है।

इस बीच स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने ख़बर दी है कि बुधवार को पिछले 24 घंटों के आंकड़ों से पता चला है कि इस दौरान 523 मौतें हुई हैं जो मंगलवार की तुलना में कम है। स्पेन में अब तक कुल 18 हज़ार 579 लोग कोरोना की भेंट चढ़ चुके हैं। स्पेन में संक्रमित होने वालों की संख्या 1 लाख 77 हज़ार से अधिक है। इनमें 70 हज़ार से अधिक लोग इलाज से ठीक हो चुके हैं।

जापान से एक चिंतजनक ख़बर आ रही है कि इस देश में हालात ख़राब हो रहे हैं और स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि अगर कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए तत्काल ठोस क़दम न उठाए गए तो इस देश में कोरोना से मरने वालों की संख्या 4 लाख तक पहुंच जाएगी।

क्योडो समाचार एजेंसी ने बताया कि कोरोना वायरस पर काम कर रही स्वास्थ्य मंत्रालय की टीम ने चेतावनी दी है कि देश में अचानक साढ़े आठ लाख लोगों को वेंटीलेटर की ज़रूरत पड़ सकती है और चार लाख मौतें हो सकती हैं इसलिए कड़ाई से लाक डाउन करना ज़रूरी है।

जापान में अभी कोरोना के 8 हज़ार से अधिक संक्रमित हैं जबकि मरने वालों की संख्या 162 है।

उधर रूस में भी कोरोना के संक्रमितों की संख्या तेज़ी से बढ़ी है। रूस में यह संख्या 24 हज़ार 490 तक पहुंच चुकी है जबकि मरने वालों की संख्या 198 है।

इस बीच कई देशों ने लाक डाउन में ढील देना शुरू कर दिया है।

फ़िनलैंड की प्रधानमंत्री ने कहा है कि राजधानी के रास्तों पर लगाई गई रुकावटें हटाई जाएंगी। डेनमार्क में स्कूल और कालेज दोबारा खोले जा रहे हैं।