भारत के पंजाब राज्य के मुख्यमंत्री ने बताया है कि कोरोना से देश की 58 प्रतिशत जनता प्रभावित हो सकती है।
भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वैज्ञानिकों एवं चिकित्सा विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में जूलाई और अगस्त में कोरोना अपने चरम पर होगा। उन्होंने कहा कि इससे भारत की लगभग 58 प्रतिशत जनसंख्या प्रभावित होगी। पंजाब के मुख्यमंत्री के अनुसार पीजीआई चंडीगढ़ के विशेषज्ञों का अनुमान है कि जूलाई और अगस्त में भारत में कोरोना अपने चरम पर होगा और सितंबर के मध्य में यह क़हर बरपा कर सकता है। इन विशेषज्ञों का कहना है कि भारत के लगभग 58 प्रतिशत लोग कोरोना से प्रभावित हो सकते हैं।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का कहना है कि केन्द्र सरकार की ओर से दिया जा रहा 15 हज़ार करोड़ का पैकेज पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि एक अरब तीस करोड़ की आबादी वाले भारत में यह रक़म कुछ भी नहीं है। उनका कहना था कि राज्यों की स्थिति एसी नहीं है कि वे अकेले कोरोना का मुक़ाबला कर सकें एसे में उनको केन्द्र की ओर से पूरी सहायता मिलनी चाहिए। अमरिंदर सिंह ने पंजाब में लाकडाउन की ओर संकेत करते हुए कहा कि उनकी सरकार इसे बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है क्योंकि पाबंदियां हटाने के लिए यह उपयुक्त समय नहीं है। ज्ञात रहे कि शुक्रवार को भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 6412 हो गई थी।