ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपूर ने गुरुवार को बताया कि अब तक देश में कुल 66,220 लोग कोविड-19 में ग्रस्त हो चुके हैं जिनमें से 32,309 लोगों का उपचार करके उन्हें स्वस्थ हालत में अस्पतालों से डिसचार्ज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना वायरस के 1,634 नए मामले सामने आए हैं जबकि इसी दौरान 117 लोगों की इस वायरस के कारण मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि इस समय देश में लगभग 4 हज़ार लोग कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण गंभीर अवस्था में हैं।
इस बीच पूरी दुनिया में कोरोना वायरस अधिक तेज़ी से फैल रहा है और मरने वालों की संख्या में भी तेज़ी से वृद्धि हो रही है। अमरीका में लगभग साढ़े चार लाख लोग इस वायरस से संक्रमित हैं जबकि क़रीब 15 हज़ार लोग इस वायरस के कारण मर चुके हैं। स्पेन में लगभग डेढ़ लाख लोग कोविड-19 से संक्रमित हैं जबकि इस देश में कोरोना 14,792 लोगों को अपनी बलि बना चुका है। इटली में क़रीब एक लाख 40 हज़ार लोग कोरोना से संक्रमित हैं और साढ़े सत्रह हज़ार से अधिक मर चुके हैं। जर्मनी में एक लाख तेरह हज़ार लोग संक्रमित हैं और 2300 मर चुके हैं। फ़्रान्स की स्थिति भी बढ़ी भयावह होती जा रही है और वहां एक लाख 13 हज़ार लोग इस वायरस से संक्रमित हैं और लगभग 11 हज़ार मर चुके हैं। चीन में केवल 63 नए मामले सामने आए हैं और वहां कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 81,865 हो गई है जबकि मरने वालों की संख्या 3335 हो गई है। ब्रिटेन में कोविड 19 से मरने वालों की संख्या सात हज़ार से अधिक हो गई है। बेल्जियम में 2523, हालैंड में 2248, स्वीज़रलैंड में 909, ब्राज़ील में 822, तुर्की में 812, स्वेडन में 687 और कनाडा में 435 लोग कोरोना वायरस के कारण मर चुके हैं।