9 अप्रैल 2020 - 13:37
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महासचिव ने ट्रम्प को फटकारा

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अमरीकी राष्ट्रपति के इस आरोप को ख़ारिज कर दिया है कि संगठन का झुकाव चीन की तरफ़ है।

रोएटर्ज़ की रिपोर्ट के अनुसार W.H.O. के महासचिव टेडराॅस एडहानोम ने ट्रम्प के इस आरोप को ख़ारिज करते हुए कहा है कि यह अंतर्राष्ट्रीय संगठन दुनिया के सभी देशों और राष्ट्रों के क़रीब है। उन्होंने कोरोना वायरस के संकट के राजनीतिकरण से बचने और संकट के मुक़ाबले में एकता व एकजुटता की ज़रूरत पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिय को अनावश्यक व ग़लत बयान देने में समय व्यर्थ करने के बजाए पूरा ध्यान कोरोना के ख़िलाफ़ संघर्ष में लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस समय कोरोना से संघर्ष सबसे बड़ी चुनौती है और सभी के लिए ज़रूरी है कि वे इस संबंध में अपने व्यवहार का ध्यान रखें।

 

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव अंटोनियो गुटेरस ने भी विश्व स्वास्थ्य संगठन के ख़िलाफ़ अमरीका के राष्ट्रपति के आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने विश्व समुदाय से अपील की कि वह एकजुट हो कर अपना पूरा ध्यान कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने पर लगाए। फ़्रान्स के राष्ट्रपति इमानोएल मैक्रां ने भी पूरी तरह से W.H.O. के समर्थन की घोषणा की है और कहा है कि वे इस संगठन के साथ हैं। अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने मंगलवार को एक पत्रकार सम्मेलन में कहा था कि विश्व स्वास्थ्य संगठन चीन पर ज़रूरत से ज़्यादा ध्यान दे रहा है और कोरोना के बारे में ग़लत सूचनाएं जारी कर रहा है। उन्होंने इस संगठन के लिए अमरीका द्वारा दिए जाने वाले फ़ंड को रोकने की भी धमकी दी थी।