27 मार्च 2020 - 12:51
अमरीका ने वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति पर लगाया मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप, गिरफ़्तारी के लिए घोषित किये 15 मिलयन डाॅलर

वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति पर अमरीका की ओर से लगाए गए आरोप की ईरान ने कड़े शब्दों में भर्त्सना की है।

अमरीका के अटार्नी जनरल ने वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति निकोलस मादूरो पर मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाया है।  जनरल विलयम बर्र के अनुसार न्यूयार्क की अदालत ने वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति निकोलस मादूरो के अतिरिक्त इस देश के संसद सभापति, सेना की गुप्तचर सेवा के प्रमुख और वेनेज़ोएला की सेना के दो पूर्व कमांडरों पर मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाया है।  साथ ही अमरीका की ओर से वेनेज़ोएला के राष्ट्रपति की गिरफ़्तारी के लिए 15 मिलयन डाॅलर का इनाम घोषित किया है।  अमरीकी अटार्नी जनरल ने कहा कि उनका देश मादुरो तथा अन्य आरोपियों को गिरफ़्तार करने के लिए सभी विकल्पों पर काम कर रहा है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने शुक्रवार को कहा कि कोई भी अन्तर्राष्ट्रीय नियम अमरीका को इस बात की अनुमति नहीं देता है कि वह दूसरे देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करते हुए वहां के अधिकारियों पर मनमाने ढंग से आरोप लगाए।उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बातों पर लापरवाही, एक प्रकार से अमरीका का समर्थन करने के अर्थ में है।  अब्बास मूसवी ने कहा कि हम पूरे विश्व समुदाय से अनुरोध करते हैं कि वह एकसाथ अमरीका की एकपक्षीय नीतियों का विरोध करे।