26 मार्च 2020 - 13:49
दुनिया में कोरोना का क़हर, संरा ने 2 अरब डाॅलर मदद की अपील की

कोरोना वायरस से पूरी मानवता को ख़तरा पैदा हो गया है जिसकी परिधि में संयुक्त राष्ट्र संघ ने दुनिया के सबसे निर्धन और बहुत ही कमज़ोर लोगों की सहायता के लिए एक मानवता प्रेमी सहायता की योजना शुरु की है जिसमें 2 अरब डॉलर का अनुदान देने की अपील की गयी है।

युक्त राष्ट्र संघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने कहा कि कोरोना वायरस पूरी मानवता के लिए ख़तरा है इसीलिए पूरी मानवता को एक साथ इसका मुक़ाबला करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कार्यवाहियां और एकजुटता बहुत ही महत्वपूर्ण है क्योंकि देशों की व्यक्तिगत प्रतिक्रियाएं काफ़ी नहीं होंगी।

ज्ञात रहे कि कोरोना वायरस से दुनियाभर में 20 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है जिसमें से 13 हज़ार यूरोप में मारे गये हैं।

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ की योजना दुनिया के सबसे ग़रीब देशों में वायरस से लड़ने की योग्यता पैदा करना और बहुत ही कमज़ोर लोगों विशेषकर महिलाओं, बच्चों, बूढ़ों और विक्लांगों या ख़तरनाक बीमारियों में ग्रस्त लोगों की आवश्यकताओं को हल करना है।

उन्होंने कहा कि अगर पूर्ण वित्तीय मदद की जाती है तो इससे बहुत अधिक जानें बच जाएंगी।

संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव ने कहा कि संबंधित एनजीओज़ द्वारा चिकित्सकीय संसाधनों और उपकरणों की देखभाल करने वाले कर्मियों के उपलब्ध होने का मार्ग प्रशस्त होना संभव होगा।

ज्ञात रहे कि संयुक्त राष्ट्र संघ की यह योजना 9 महीने अर्थात अप्रैल से दिसम्बर पर आधारित है, अनुदान से कुल मिलाकर 2 अरब डॉलर से अधिक राशि जमा की जाएगी और विश्व स्वास्थ्य संगठन और विश्व खाद्य कार्यक्रम भी इस संबंध में अपील कर चुके हैं।