21 मार्च 2020 - 16:27
कोरोना वायरस का ख़तरा, ब्रिटेन में 5 लाख और अमरीका में 22 लाख लोगों की मौत हो सकती है

कोरोना वायरस का आतंक पूरी दुनिया में फैल गया है और दुनिया के करोड़ों लोग अपने घरों पर रहने पर मजबूर हो गये हैं।

कोरोना वायरस के ख़तरे को देखते हुए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पूरे ब्रिटेन में देशव्यापी बंद के आदेश दिए हैं। कोरोना वायरस पर लंदन के इंपीरियल कॉलेज की रिपोर्ट में यह अनुमान लगाया है कि कोरोना वायरस पर अगर क़ाबू नहीं पाया गया और यह ऐसे ही तीव्र गति से फैलता रहा तो ब्रिटेन में लगभग 5 लाख लोगों की मौत हो सकती है।

उधर अमेरिका के लिए भी इस रिपोर्ट में अनुमान लगाया है कि आने वाले समय में कोरोना वायरस के फैलने से 22 लाख लोगों की मौत हो सकती है। इस रिपोर्ट में एक तरह से चेतावनी दी गई है कि अगर समय रहते इस वायरस पर क़ाबू नहीं पाया गया तो दोनों देशों में स्थित भयावह हो सकती है।

इंपीरियल की यह रिपोर्ट प्रोफ़ेसर नील फ़र्गुसन के नेतृत्व में तैयार हुई जिसमें विश्व स्वास्थ्य संगठन और 50 वैज्ञानिकों की एक टीम शामिल थी। प्रोफ़ेसर फ़र्गुसन के अनुसार, यह रिपोर्ट इटली में कोरोना वायरस से जुड़े ताज़ा आंकड़ों की तुलना के आधार पर इस निष्कर्ष पर पहुंची है।