मध्य प्रदेश में शुक्रवार को मुख्य मंत्री कमलनाथ ने फ़्लोर टेस्ट से पहले अपना त्यागपत्र राज्यपाल को सौंप दिया था और उसी के बाद से नए मुख्यमंत्री को लेकर कोशिशें तेज़ हो गई हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक ट्वीट करके हंगामा मचा दिया है। कांग्रेस ने अपने ट्वीट में कहा है कि "इस ट्वीट को संभाल कर रखना, 15 अगस्त 2020 को कमलनाथ जी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। यह बेहद अल्प विश्राम है।"
इस बीच सूचना है कि भारतीय जनता पार्टी 25 मार्च तक सरकार बनाने का दावा कर सकती है अलबत्ता भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर अभी संशय है और 23 मार्च को विधायक दल की बैठक हो सकती है। तीन बार के मुख्यमंत्री रह चुके शिवराज सिंह चौहान एक बार फिर मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे हैं। मुख्यमंत्री के पद के लिए नरेन्द्र सिंह तोमर और नरोत्तम मिश्रा के नामों की भी चर्चा हो रही है।