20 मार्च 2020 - 17:09
इस्राईली लेखक का बयानः अब हमें पता चला कि नाकाबंदी क्या होती है और किन हालात में जी रहे हैं ग़ज़्ज़ा के निवासी?!

इस्राईल के एक वरिष्ठ लेखक जदऊन लेवी ने हाआरेत्ज़ अख़बार में अपने लेख में लिखा कि कोरोना वायरस की वजह से इस्राईली सरकार जो क़दम उठा रही है उससे हमें यह समझ में आ गया है कि इस्राईल ने गज़्ज़ा की नाकाबंदी करके वहां रहने वालों की ज़िंदगी किस तरह नरक बना दी है।

लेवी ने लिखा कि बस एक दो दिन की बात है पूरा इस्राईल ग़ज़्ज़ा पट्टी की तरह नाकाबंदी की हालत में चला जाएगा। उन्होंने आगे लिखा कि फ़िलिस्तीनी इसी तरह के हालात में कई दशकों से जीवन गुज़ार रहे हैं, ज़रा ग़ज़्ज़ा के बारे में सोचिए जहां पिछले 14 साल के अंदर युवाओं और बच्चों ने आसमान में एक भी यात्री विमान नहीं देखा और वहां का कोई भी व्यक्ति छुट्टियां मनाने के लिए हवाई यात्रा पर नहीं गया, वह इसका ख़्वाब भी नहीं देख सकते।  

इस्राईली लेखक ने आगे लिखा कि महसूस होता है कि जैसे अब दुनिया ख़त्म होने वाली है।

इस्राईली सरकार ने एक हफ़्ते के लिए लोगों से कहा है कि घरों में रहें और केवल दवा और खाने पीने की चीज़ें ख़रीदने के लिए ही बाहर निकलें।

इस्राईल में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 537 है।