17 मार्च 2020 - 17:42
ईरान में कोरोना से मरने वालों की संख्या एक हज़ार के क़रीब पहुंची, पांच हज़ार से अधिक लोगों का सफल उपचार भी हुआ

ईरान में कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण मरने वालों की संख्या लगभग एक हज़ार हो गई है जबकि अब तक पांच हज़ार से अधिक लोगों को बचाया गया है।

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के जनसंपर्क विभाग के प्रमुख कियानूश जहानपुर ने मंगलवार को बताया कि अब तक ईरान में कोरोना वायरस से संक्रमित 5,389 लोगों का उपचार करके उन्हें स्वस्थ हालत में घर भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान अन्य 125 लोग कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण मर चुके हैं और यह वायरस अब तक ईरान में कुल 988 लोगों की जान ले चुका है। कियानूश जहानपुर ने बताया कि अब तक ईरान में 16,169 लोग कोरोना वायरस में ग्रस्त हुए हैं जिनमें से लगभग एक तिहाई का सफल उपचार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय, सेना और जनता के समन्वय से कोरोना वायरस के चेकअप की प्रक्रिया तेज़ी से जारी है।

 

कोरोना वायरस चीन के अलावा दुनिया के 160 से ज़्यादा देश में फैल चुका है। अंतिम आंकड़ों के अनुसार दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या एक लाख 84 हज़ार से अधिक हो चुकी है जिनमें से लगभग 80,000 का उपचार किया जा चुका है और 7,414 लोग इस वायरस की बलि चढ़ चुके हैं। चीन के बाद इस वायरस ने इटली में सबसे ज़्यादा लोगों की बलि ली है जहां कोविड-19 के कारण अब तक 2,158 लोग मर चुके हैं जबकि लगभग 28,000 लोग इससे संक्रमित हैं। स्पेन में 491, दक्षिणी कोरिया में 81, फ़्रान्स में 148, जर्मनी में 14, अमरीका में 71, ब्रिटेन में 55, हाॅलैंड में 24 और जापान में 24 लोग कोराना वायरस के कारण मर चुके हैं।