12 मार्च 2020 - 17:24
इस्राईली सुरक्षा एजेंसी के पूर्व चीफ़ः इस्राईल का भविष्य बुरा या बेहद बुरा होगा!

इस्राईल की आंतरिक सुरक्षा एजेंसी के पूर्व चीफ़ कार्मी गीलोन का कहना है कि इस्राईल का भविष्य बुरा या बेहद बुरा होगा।

लेखिका आरयाना मीलामिड को दिए गए इंटरव्यू में गीलोन का कहना था कि इस्राईल अगर ट्रम्प की मध्यपूर्व योजना को अपनाता है तो इस्राईल के भीतर चरमपंथी विचार वाले यहूदी गुटों के हमले तेज़ होंगे और इस्राईली एजेंसियों के लिए वह सबसे बड़ा सिर दर्द बन जाएंगे।

गीलोन ने बताया कि इस्राईल के भीतर चरमपंथी यहूदी विचारधारा बहुत तेज़ी से अपने आप को संगठित कर रही है और इस विचारधारा से जुड़े युवा बहुत सक्रिय हो गए हैं। यह यहूदी युवा केवल मुसलमानों नहीं बल्कि ईसाइयों के धार्मिक स्थलों को भी निशाना बना रहे हैं।

शेनबेट के पूर्व चीफ़ का कहना था कि प्रधानमंत्री नेतनयाहू सहित इस्राईली नेता और अधिकारी क़ानून को चकमा दे रहे हैं जिससे चरमपंथी यहूदियों के बीच यह विचार पनप रहा है कि वह कुछ भी कर लें हर स्थिति में क़ानूनी कार्यवाही से बचे रहेंगे।

गीलोन के अनुसार यह स्थिति इस्राईल को आंतरिक रूप से खोखला कर रही है और इस्राईली समाज भयानक आपसी टकराव की ओर बढ़ रहा है।

इस्राईल के बारे में यह सच्चाई भी सबके सामने है कि इलाक़े में बदलते हालात के बीच उसे गंभीर चुनौतियों का सामना है क्योंकि पश्चिमी एशिया के इलाक़ में ईरान के नेतृत्व में उन ताक़तों का उदय हो रहा है जो इस्राईल को मिटा देने को अपना कर्तव्य समझती हैं।