संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के दूत बश्शार जाफ़री ने कहा कि दमिश्क़ सरकार और सीरियाई राष्ट्र तुर्की को पश्चिमोत्तरी प्रांत इद्लिब के किसी भाग को अलग करने और उसे तुर्की में शामिल करने नहीं देंगे।
उन्होंने शनिवार को अरबी भाषी ऑनलाइन अख़बार अन्नशरा से विशेष इंटरव्यू में कहाः "मैं पूरे विश्वास से कह रहा हूं कि सीरियाई नेतृत्व और इस देश की जनता तुर्क राष्ट्रपति अर्दोग़ान या किसी को भी इद्लिब में वह दोहराने नहीं देंगे जो इलेक्ज़ेन्ड्रेटा में हो चुका है।"
ग़ौरतलब है कि तुर्की ने 1939 में सीरिया के ऐतिहासिक इलेक्ज़ेनड्रेटा इलाक़े को हड़प कर इसका नाम हताय प्रांत रख दिया। यह इलाक़ा सीरिया के लाज़ेक़िया प्रांत के उत्तरी तटवर्ती भाग में स्थित है।
संयुक्त राष्ट्र संघ में सीरिया के दूत ने कहा कि अर्दोग़ान और ज़ायोनी प्रधान मंत्री बिन्यामिन नेतनयाहू में कोई अंतर नहीं है, दोनों ही हमलावर और अवैध क़ब्ज़ा करने वाले हैं।