3 मार्च 2020 - 16:32
कोरोना पर ब्रिटिश सरकार की डरावनी रिपोर्ट, 80 प्रतिशत के संक्रमित होने और 5 लाख की मौत की जताई आशंका

देश में कोरोना वायरस की महामारी पर ब्रिटिश सरकार की आपात बैठक के बाद एक रिपोर्ट जारी की गई है, जिसमें 80 प्रतिशत नागरिकों के संक्रमित होने और क़रीब 5 लाख लोगों की मौत की आशंका जताई गई है।

तसनीम न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़, ब्रिटिश सरकार ने आपात बैठक के बाद, कोरोना की महामारी पर एक बहुत ही डरावनी रिपोर्ट जारी की है, जिसमें कोरोना प्रकोप की संभावित सबसे ख़राब स्थिति को मद्देनज़र रखा गया है।

इस रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि देश में कोरोना फैलने की सबसे ख़राब स्थिति को अगर हम नज़र में रखें, तो इससे 80 प्रतिशत आबादी संक्रमित तथा 5 लाख लोगों की मौत हो सकती है।

वहीं सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक़, ब्रिटिश प्रधान मंत्री बोरिस जॉनसन का कहना हैः "ऐसी संभावना अधिक है कि देश में कोरोनो वायरस के मामलों में वृद्धि देखने को मिले, लेकिन अधिकांश रोगियों के लिए यह एक हल्का रोग साबित होगा।

"इस वायरस से संक्रमित होने वाले अधिकांश लोगों के लिए यह एक हल्का रोग होगा, वे तेज़ी से और पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे, जैसा कि हमने पहले ही देखा है।"

उन्होंने आगे कहाः "लेकिन मैं लोगों की चिंता को पूरी तरह समझ सकता हूं, और विश्व में इस वायरस के फैलने के संबंध में आपकी चिंता को भी।"

मंगलवार को जब जॉनसन का यह बयान आया, तो उस समय तक ब्रिटेन में कोरोना के 40 मामलों की पुष्टि हो चुकी थी।

कुछ लोगों का यह भी कहना है कि ब्रिटिश प्रधान मंत्री के इस बयान से साफ़ ज़ाहिर है कि देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज़्यादा है, जिसे पहले से ही जर्जर अर्थव्यवस्था का सामना करने वाले देश में छिपाया जा रहा है।