28 फ़रवरी 2020 - 19:14
कोरोना वायरस संसार के 50 देशों में फैला, इलाज की उम्मीद भी जागी, ईरान में तेज़ी से लोगों का उपचार, बड़ी संख्या में लोग उपचार के

कोरोना वायरस से संक्रमण का दायरा जहां बढ़ता ही जा रहा है, वहीं इससे बचाव की आशा भी बढ़ने लगी है और अब तक 36 हज़ार से अधिक लोगों का उपचार करके उन्हें इससे मुक्त किया जा चुका है।

हर बीतते दिन के साथ कोरोना वायरस दुनिया में अपने पैर पसारता जा रहा है और इसके संक्रमण का दायरा बढ़ कर 50 से अधिक देशों तक पहुंच चुका है। अब तक 55 देशों में कोरोना से संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। पूरी दुनिया में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या अब तक 83 हज़ार 735 हो चुकी है जबकि इससे मरने वालों की संख्या का आंकड़ा 2867 तक पहुंच गया है। कोरोना वायरस के मामले यूरोपीय देशों और अमरीका तक में रिकाॅर्ड हुए हैं और अमरीका में यह वायरस तेज़ी से फैल रहा है।

 

चीन में कोरोना वायरस से सबसे अधिक लोगों की मौत हुई है और 2,788 लोगों की मौत की औपचारिक रूप से पुष्टि हुई है। ईरान में इस वायरस ने अब तक 34 लोगों की जान ली है, इटली में 17 और दक्षिणी कोरिया में चौदह लोग कोरोना वायरस का शिकार होकर अपनी जान से हाथ धो चुके हैं। यह वायरस जापान में भी पांच लोगों की जान ले चुका है। अगर इस वायरस से संक्रमण की बात की जाए तो इसमें भी चीन सबसे आगे है और 78,824 लोग इसमें ग्रस्त हैं। दक्षिणी कोरिया में 2,337 लोग कोरोना से संक्रमित हैं, इटली में 650, ईरान में 388, जापान में 186, सिंगापुर में 98 और अमरीका में 60 लोगों के कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है।

 

कोरोना वायरस से पूरी दुनिया में आतंक फैला हुआ है और हर कोई यह समझ रहा है कि इससे जान छुड़ाना संभव नहीं है लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों के अनुसार अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित होने वाले 36,439 लोगों का उपचार किया जा चुका है। ईरान में कोरोना से मुक़ाबले के लिए चिकित्सा विभाग हर संभव कोशिश कर रहा है और वह अब तक 73 लोगों का सफल उपचार कर चुका है। चीन और अन्य देशों में भी हज़ारों लोगों का उपचार किया जा चुका है। दुनिया भर में कोरोना से संक्रमित लोगों के उपचार से इस बात की उम्मीद जाग चुकी है कि अगर इससे संक्रमित होने वाले लोग सही समय पर उपचार के लिए चिकित्सकों के पास पहुंच जाएं तो कुछ ही दिन में वे इस वायरस से जान छुड़ा सकते हैं।