17 फ़रवरी 2020 - 16:58
ईरानी जनता, अमरीकी अधिकारियों के झूठ की आदी हो चुकी हैः विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने ईरान के आगामी चुनावों के बारे में कुछ अमरीकी अधिकारियों के बयानों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा है कि ईरान की सम्मानीय जनता अमरीकी अधिकारियों के झूठ की आदी हो चुकी है।

ईरान के मामलों में अमरीकी विदेश मंत्रालय के विशेष प्रतिनिधि ब्रायन हूक ने ईरान के संसदीय चुनाव के बारे में एक वीडियो जारी करके दावा किया था कि इन चुनावों में जीतने और हारने वाले लोग, जनता के मतदान से पहले ही निर्धारित हो जाते हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अब्बास मूसवी ने सोमवार को कहा कि ईरान में होने वाले चुनाव, विश्व ख़ास तौर पर पश्चिमी एशिया में अत्यंत उच्च स्तर के होते हैं। उन्होंने कहा कि अमरीकी अधिकारियों के लिए बेहतर होगा कि वे ईरान के चुनावों पर सवालिया निशान लगाने के बजाए, बड़ी संख्या में अमरीका व संसार के लोगों व बुद्धिजीवियों की ओर से किए जाने वालेे सवालों का जवाब दें।

 

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अत्यंत मामूली चुनावों से भी अनभिज्ञ देशों से अमरीकी सरकार के निकट व व्यापक रिश्तों की तरफ़ इशारा करते हुए कहा कि अमरीकी अधिकारी ईरान के चुनावों के बारे में ऐसी स्थिति में दावे कर रहे हैं जब अमरीका में चुनावी क़ानून इस प्रकार के हैं कि राष्ट्रपति चुनाव में बहुसंख्यक मतों की अनदेखी कर दी जाती है। ज्ञात रहे कि ईरान में 11वें संसदीय चुनाव और पांचवीं विशेषज्ञ परिषद के मध्यावधि चुनाव 21 फ़रवरी को आयोजित होंगे। इन चुनावों के लिए प्रत्याशियों का प्रचार पूरी गति से जारी है और जनता में भी मतदान को लेकर काफ़ी उत्सुकता देखी जा रही है।