13 फ़रवरी 2020 - 14:22
सेनेट, राष्ट्रपति के युद्ध संबंधी अधिकार कम करने के प्रस्ताव को पारित न करेः ट्रम्प की गुहार

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने सेनेट में राष्ट्रपति के युद्ध संबंधी अधिकारों को कम करने के प्रस्ताव पर वोटिंग से पहले रिपब्लिकन सेनेटर्ज़ से अपील की है कि वे इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान न करें।

ट्रम्प ने अपने ट्वीटर पेज पर एक संदेश जारी करके कहा है कि अमरीका की सुरक्षा के लिए यह बेहद अहम है कि सेनेट, ईरान से युद्ध के अधिकारों के प्रस्ताव को वोट न दे, हम ईरान के संबंध में बहुत सही काम कर रहे हैं और यह, कमज़ोरी दिखाने का समय नहीं है। अमरीकी सेनेट गुरुवार को एक प्रस्ताव पर मतदान करने वाली है जिसमें कहा गया है कि ईरान के ख़िलाफ़ अमरीका की किसी भी प्रकार की सैन्य कार्यवाही के लिए कांग्रेस की इजाज़त ज़रूरी होगी।

 

अमरीकी प्रतिनिधि सभा ने 9 जनवरी को राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के युद्ध संबंधी अधिकारों को कम करने का बिल पेश किया था जो 194 के मुक़ाबले में 224 वोटों से पास हो गया था। अब उस बिल पर सेनेट में वोटिंग होनी है। आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के कमांडर शहीद जनरल क़ासिम सुलैमानी और उनके साथियों की अमरीका द्वारा कायरतापूर्ण हत्या और उस पर ईरान के कड़े जवाब ने अमरीकी सांसदों की चिंताए बढ़ा दी हैं और वे ईरान के साथ युद्ध के संबंध में ट्रम्प के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश कर रहे हैं।