फ़िलिस्तीन के हमास संगठन के राजनैतिक कार्यालय के सदस्य ख़लील हय्या ने ज़ायोनी प्रधानमंत्री बेनयामिन नेतनयाहू की इस धमकी के जवाब में कि इस्राईल, हमास के ख़िलाफ़ अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही करने के लिए तैयार है, कहा है कि फ़िलिस्तीनी प्रतिरोध पूरे इस्राईल का अस्तित्व दुनिया से ख़त्म करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रतिरोध का मोर्चा, ज़ायोनियों को फ़िलिस्तीन की धरती से बाहर निकाल कर रहेगा। नेतनयाहू ने कहा था कि अगर ग़ज़्ज़ा से ज्वलनशील पदार्थों के साथ उड़ने वाली पतंगों और मीज़ाइल हमलों को न रोका गया तो, हमास के ख़िलाफ़ अब तक की सबसे बड़ी चौंकाने वाली कार्यवाही शूुरू कर दी जाएगी।
फ़िलिस्तीन के हमास संगठन के राजनैतिक कार्यालय के सदस्य ख़लील हय्या ने इसी तरह इस बात पर बल देते हुए कि सेंचुरी डील से मुक़ाबले का एकमात्र रास्ता, सभी साधनों के साथ ज़ायोनी शासन के सामने डट जाना है, फ़िलिस्तीनी प्रशासन से मांग की कि वह ज़ायोनी शासन को औपचारिकता न दे और इस अवैध शासन के साथ सुरक्षा समन्वय बंद कर दे। अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने हाल ही में द डील ऑफ़ द सेंचुरी के नाम से अपनी निंदनीय योजना पेश की जिसका लक्ष्य फ़िलिस्तीनियों को उनके सभी अधिकारों से वंचित करना है। इस्लामी जगत समेत पूरी दुनिया में इस योजना की आलोचना की जा रही है।