रविवार को ईरान के दूरसंचार मंत्री मोहम्मद जवाद आज़री जहरुमी ने ट्वीट कियाः अगले कुछ घंटों में ज़फ़र सैटेलाइट के लांच के लिए उलटी गिनती शुरू हो गई है।
मंत्री ने बताया कि इस सैटेलाइट को तैयार करने पर 22 लाख यूरो का ख़र्च आया है, लेकिन अगर उसे किसी अन्य देश से ख़रीदते तो इसके लिए पांच गुना ज़्यादा क़ीमत चुकानी पड़ती।
इससे पहले ईरान की अंतरिक्ष एजेंसी के प्रमुख ने कहा था कि 113 किलोग्राम वज़न वाले ज़फ़र सैटेलाइट को सीमुर्ग़ रॉकेट द्वारा ज़मीन से 530 किलोमीटर की दूरी पर अंतरिक्ष में लांच किया जाएगा।
यह सैटेलाइट वैज्ञानिक निगरानी के उद्देश्य से लांच किया जा रहा है, जिससे भूकंप का अध्ययन करने में मदद मिलेगी।
ईरान, वैज्ञानिक उद्देश्यों के लिए सैटेलाइट कार्यक्रम चला रहा है, इसके बावजूद अमरीका और पश्चिमी देश इसे अपने लिए ख़तरा बता रहे हैं।