1 फ़रवरी 2020 - 16:22
उत्तर प्रदेश योगी सरकार की दुश्मनी, कानपुर में श्योरिटी बांड जमा करने को तो घंटाघर से बच्चों को हटाने को कहा

उत्तर प्रदेश सहित पूरे भारत में सीएए के विरुद्ध प्रदर्शनों का क्रम जारी है जबकि उत्तर प्रदेश के कानपुर ज़िले के मुहम्मद अली पार्क में महिलाओं के धरना प्रदर्शन के संबंध में अपर सिटी मजिस्ट्रेट ने 66 लोगों से दो दो लाख रुपये की बांड राशि जमा करने को कहा है।

अपर सिटी मजिस्ट्रेट अनिल अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने 66 लोगों को सीआरपीसी 107/116 के तहत दो-दो लाख रुपये का श्योरिटी बांड जमा करने को कहा है।

अग्निहोत्री ने बताया कि मामला चमनगंज थाने का है। पुलिस क़ानून व्यवस्था भंग करने या औरतों को भड़काने जैसे मामलों में अपनी रिपोर्ट अदालत को देती है जिस पर संज्ञान लेकर नोटिस भेजा गया है। नोटिस पाने वाले को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होना पड़ता है और बांड भरना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि मोहम्मद अली पार्क में प्रदर्शन चल रहा है। पुरुष औरतों को नारेबाजी के लिए भड़का सकते हैं या फिर क़ानून व्यवस्था भंग कर सकते हैं।

अग्निहोत्री ने बताया कि एहतियातन 66 लोगों को नोटिस भेजकर बॉन्ड की राशि भरने को कहा गया है।

दूसरी ओर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की बाल कल्याण समिति ने शहर के घंटाघर पर नागरिकता संशोधन कानून के ख़िलाफ़ धरना प्रदर्शन कर रहे वयस्कों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि वह अपने बच्चों को तत्काल प्रभाव से धरनास्थल से हटाएं अन्यथा उनके ख़िलाफ़ कार्यवाही की जाएगी।