27 जनवरी 2020 - 19:45
इराक़ से अमरीका अपना बोरिया बिस्तरा बांधना शुरू कर दे, रॉकेटों से दूतावास पर हमला, 5 घायल

इराक़ की राजधानी बग़दाद के अति सुरक्षित इलाक़े ग्रीन ज़ोन में स्थित अमरीकी दूतावास पर रॉकेटों से हमला किया गया है।

इराक़ में अमरीकी ज्वाइंट ऑपरेशंस कमांड का कहना है कि पांच रॉकेट दूतावास के पास आकर गिरे। हालांकि एएफ़पी न्यूज़ एजेंसी ने बग़दाद में सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया है कि 5 में से 3 रॉकेट सीधे अमरीकी दूतावास पर लगे हैं, इनमें से एक रात्री भोज के समय कैंटीन पर जाकर गिरा है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि इस हमले में दूतावास में मौजूद 5 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें हेलिकॉप्टर से किसी अज्ञात जगह स्थानांतरित किया गया है।

3 जनवरी को बग़दाद एयरपोर्ट के नज़दीक, अमरीकी हवाई हमले में ईरानी कमांडर जनरल क़ासिम सुलेमानी और इराक़ी कमांडर अबू मेहदी अल-मोहंदिस की मौत के बाद, अमरीकी दूतावास पर किए गए तीन हमलों में से यह पहला ऐसा रॉकेट हमला था, जिसमें रॉकेट सीधे दूतावास की इमारत पर जाकर लगे हैं।

इस बार भी अमरीका ने एक बयान जारी करके इराक़ी सरकार से उसके दूतावास को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

3 जनवरी के अमरीकी हमले के दो दिन बाद, इराक़ी संसद ने एक प्रस्ताव पारित करके सरकार से कहा था कि वह सभी विदेशी सैनिकों को देश से बाहर निकाले।

हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने इराक़ से अपने सैनिकों को वापस बुलाने से इनकार कर दिया है।

इराक़ी स्वयं सेवी बलों का कहना है कि वह अमरीकी सैनिकों को देश से बाहर निकालकर ही दम लेंगे, इसलिए कि 3 जनवरी को अमरीकी हमले में शहीद होने वाले सैन्य अधिकारियों के ख़ून का बदला तभी पूरा होगा, जब एक एक अमरीकी सैनिक इस इलाक़े से निकल जाएगा।