23 जनवरी 2020 - 17:42
अब अमरीका ने जनरल क़ाआनी को जान से मारने की धमकी दी ...

अमरीकी विदेश मंत्रालय में ईरान के ख़िलाफ़ एक्शन ग्रुप के प्रमुख ने आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के नए कमांडर को जान से मारने की धमकी दी है।

ईरान के साथ तनाव बढ़ाने की अमरीकी अधिकारियों की नीति के अंतर्गत अमरीकी राष्ट्रपति के विशेष प्रतिनिधि और ईरान के ख़िलाफ़ कार्यवाही के गुट के प्रमुख ब्रायन हुक ने गुरुवार को धमकी दी है कि आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के नए कमांडर जनरल इस्माईल क़ाआनी की हत्या कर दी जाएगी। हुक ने देवोस आर्थिक फ़ोरम के अवसर पर अश्शरक़ुल औसत समाचारपत्र से बात करते हुए क़ुद्स ब्रिगेड के शहीद कमांडर जनरल क़ासिम सुलैमानी के ख़िलाफ़ घिसे-पिटे आरोपों को दोहराते हुए धमकी दी कि अगर जनरल क़ाआनी ने भी उन की तरह अमरीकी सैनिकों को नुक़सान पहुंचाया तो उनकी भी हत्या कर दी जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि अगर (जनरल) क़ाआनी ने भी अमरीकी सैनिकों को मारने की राह पर क़दम बढ़ाया तो उनका भी वही अंजाम होगा और राष्ट्रपति ट्रम्प स्पष्ट रूप से कह चुके हैं कि अमरीकियों या अमरीकी हितों के ख़िलाफ़ होने वाले हर हमले का कड़ा जवाब दिया जाएगा। ब्रायन हुक ने कहा कि यह कोई नई धमकी नहीं है बल्कि राष्ट्रपति ने हमशा कहा है कि अमरीकी हितों की रक्षा के लिए वे हमेशा कड़ी प्रतिक्रिया दिखाएंगे।

 

ज्ञात रहे कि तीन जनवरी को अमरीका की आतंकवादी सरकार ने बग़दाद हवाई अड्डे पर एक ड्रोन के माध्यम से आईआरजीसी की क़ुद्स ब्रिगेड के कमांडर जनरल क़ासिम सुलैमानी और इराक़ी स्वयं सेवी बल के उप कमांडर अबू महदी अलमुहंदिस की कायरतापूर्ण ढंग से हत्या कर दी थी। इसके बाद अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी भी स्वीकार कर ली थी और कहा था कि यह हमला, अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के आदेश पर किया गया है।