अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति के सलाहकार दानिश सरवर ने कहा है कि अपने हमलों की संख्या घटाने की योजना पेश करके तालेबान, वास्तविक शांति से दूर भागना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार से वे विश्व समुदाय को धोखा देना चाहते हैं। अपने एक साक्षात्कार में दानिश सरवर ने सोमवार को कहा कि यह संभव है कि अमरीका और तालेबान के बीच कोई तथाकथित शांति समझौता हो जाए किंतु इससे अफ़ग़ानिस्तान की समस्या का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अमरीका और तालेबान के बीच समझौता एक सकारात्मक क़दम हो सकता है किंतु तालेबान का युद्ध को अफ़ग़ानिस्तान की जनता और सरकार से है। एसे में शांति स्थापना की संभावना बहुत कम है।
दानिश सरवर का कहना था कि देश की जनता के निकट वह शांति स्वीकार्य है जिसमे पहले तालेबान लड़ाई से हाथ खींच लें और बाद में देश की राजनीतिक प्रक्रिया में भाग लें।