AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ابنا
शनिवार

17 सितंबर 2022

5:30:00 am
1317115

इमाम हुसैन के चेहलुम में पूरा ईरान शोकाकुल, इराक़ में कल है अरबईन, मिलियन मार्च इंसानियत के दुशमनों के लिए डरावना सपना

शनिवार को पूरे ईरान में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का चेहलुम मनाया जा रहा है। इस शोक के मौक़े पर पूरा ईरानी राष्ट्र ग़म में डूबा हुआ है।

  अबना: इस्लामी गणतंत्र ईरान के हर नगर और बसती में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का चेहलुम बड़ी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। पूरे देश में शोक सभाओं का सिलसिला जारी है। ईरान में राजधानी तेहरान सहित देश के सभी नगरों में कल रात से ही इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम से संबन्धित शोक कार्यक्रम आरंभ हो गए थे। बहुत से स्थानों पर जुलूस निकाले जा रहे हैं जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त वक्ता अपने भाषणों में इमाम हुसैन के मिशन और उनके बलिदान पर प्रकाश डाल रहे हैं। ईरान के पवित्र नगरों मशहद और क़ुम में बहुत बड़ी संख्या में लोग इमाम का चेहलुम मनाने के लिए पहुंचे हैं। राजधानी तेहरान में आज शनिवार को अज़ादार, एक भव्य जुलूस निकाल रहे हैं। यह पद यात्रा तेहरान के एक मश्हूर स्कवाएर "इमाम हुसैन स्कवाएर" से आरंभ होकर 17 किलोमीटर का रास्ता तय करके दक्षिणी तेहरान में स्थित पैग़म्बरे इस्लाम (स) के वंशज "शाह अब्दुल अज़ीम" के रौज़े पर पहुंचेगी। यह पैदल मार्च शनिवार की सुबह आरंभ हो चुका है जो कुछ घण्टों की यात्रा तय करके शाह अब्दुल अज़ीम के मज़ार पर समाप्त होगा।

ज्ञात रहे कि आज शनिवार 17 सितंबर 2022 को पैग़म्बरे इस्लाम (स) के प्राण प्रिय नवासे इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का चेहलुम मनाया जा रहा है जिन्हें सन 61 हिज़री क़मरी में इराक़ के कर्बला नामक स्थान पर अपने साथियों के साथ तीन दिन का भूखा-प्यासा शहीद कर दिया गया था। इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम ने मानवता की रक्षा के लिए यह महान बलिदान दिया था। वहीं इराक़ समेत दुनिया के कई देशों में इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम का चेहलुम रविवार यानी 18 सितंबर को मनाया जाएगा। इस दिन संसार का सबसे बड़ा जनसमूह इराक़ के पवित्र नगर कर्बला नगर में होता है जहां पर पूरे विश्व से लोग पहुंचते हैं। इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के अरबईन या चेहलुम में कर्बला पहुंचने वालों की संख्या कई करोड़ में होती है। इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम के अवसर पर इराक़ के पवित्र नगर नजफ़ से पवित्र नगर कर्बला तक होने वाला मिलियन मार्च दुशमनों के मुक़ाबले में सत्य प्रेमियों की मोर्चाबंदी है। चेहलुम के अवसर का होने वाला मिलियन मार्च इंसानियत के दुशमनों के लिए डरावना सपना बनता जा रहा है। (RZ)

इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम के चेहलुम के अवसर पर पार्स टुडे हिन्दी की पूरी टीम अपने सभी पाठकों की सेवा में हृदय की गहराईयों से सांत्वना पेश करती है।