AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : parstoday
सोमवार

12 अगस्त 2019

1:41:42 pm
968310

7 देशों के डॉक्टरों ने अयातुल्लाह ज़कज़की के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई, इलाज के लिए भारत जाने पर लगाई शर्तें

दुनिया के सात देशों के दसियों डॉक्टरों ने नाइजीरिया की सरकार के नाम एक पत्र लिखकर इस देश के वरिष्ठ धर्मगुरू आयतुल्लाह शेख़ ज़कज़की के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, विश्व के 7 देशों के 148 डॉक्टरों, जिनमें ईरानी और ग़ैर ईरानी डॉक्टर शामिल हैं, नाइजीरिया के इस्लामिक मूवमेंट के प्रमुख आयतुल्लाह शेख़ इब्राहीम ज़कज़की की मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए नाइजीरिया सरकार को चेतावनी दी है कि आयतुल्लाह ज़कज़की की शारिरिक स्थिति बहुत गंभीर है और उन्हें तुरंत उपचार की आवश्यकता है। डॉक्टरों का कहना है कि आयतुल्लाह ज़कज़की की ताज़ा मेडिकल रिपोर्ट से पता चलता है कि उनके ख़ून में ज़हरीले पदार्थ तेज़ी से फैलते जा रहे हैं जिसके कारण उनकी जान भी जा सकती है।

दुनिया के 7 देशों के 148 डॉक्टरों द्वारा नाइजीरिया सरकार को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि अगर आयतुल्लाह ज़कज़की के लिए शीघ्र इलाज की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई तो उनके स्वास्थ्य की स्थिति काफ़ी गंभीर हो जाएगी। डॉक्टरों ने नाइजीरियाई सरकार से अपील की है कि आयतुल्लाह ज़कज़की को जल्द ही किसी अच्छे और बड़े अस्पताल में भर्ती कराया जाए। नाइजीरिया सरकार को भारत, पाकिस्तान, लेबनान, इराक़ अफ़ग़ानिस्तान, सीरिया और ईरान के डॉक्टरों ने अपने हस्ताक्षर के साथ लिखे पत्र को तेहरान में स्थित नाइजीरिया के दूतावास के हवाले कर दिया है।

विश्व के 7 देशों के डॉक्टरों ने ऐसी स्थिति में नाइजीरियाई सरकार को पत्र लिखा है कि अभी हाल ही में नाइजीरिया की अदालत ने आयतुल्लाह ज़कज़की और उनकी पत्नी को इलाज के लिए भारत जाने की इजाज़त दे दी थी। इस बीच नाइजीरिया सरकार ने आयतुल्लाह ज़कज़की को इलाज के लिए भारत भेजने के लिए कुछ नई शर्तें लगा दी हैं।

नाइजीरिया के कादूना प्रांत के सुरक्षा एवं आंतरिक मामले के कमिश्नर ने कहा है कि शेख़ ज़कज़की को ऐसे समय में इलाज के लिए भारत भेजा जाएगा जब अस्पताल में नाइजीरिया के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों को उनके पास जाने की इजाज़त होगी और स्वयं शेख़ ज़कज़की की दो लोग ज़मानत लेंगे। नाइजीरिया सरकार की यह नई शर्त ऐसी स्थिति में है कि पहले से यह बात तय थी कि आयतुल्लाह शेख़ ज़कज़की और उनकी पत्नी के साथ नाइजीरिया के सुरक्षा बल के अधिकारी भी भारत जाएंगे।