AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : parstoday
बुधवार

15 अगस्त 2018

7:45:30 am
905496

रूस ने अमेरिका को रासायनिक हथियारों के संबंध में दी कड़ी चेतावनी

रूस ने रासायनिक हथियारों पर प्रतिबंध के समझौते का उल्लंघन किए जाने पर अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है।

प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार, मास्को में रूसी विदेश मंत्रालय द्वारा जारी बयान में अमेरिका को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि, रासायनिक हथियारों के अंतर्राष्ट्रीय समझौते को अमेरिका लगातार कमज़ोर करने का प्रयास कर रहा है। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि, हम ट्रम्प सरकार से इस बारे में कई बार कह चुके हैं लेकिन उसके बावजूद वॉशिंग्टन अपने ग़ैर क़ानूनी कार्यों से बाज़ नहीं आ रहा है। रूस के विदेश मंत्रालय से जारी बयान में कहा गया है कि, अमेरिका की ओर से रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल का झूठा आरोप लगाकर रूस पर प्रतिबंध लगाए जाने से रासायनिक हथियारों पर प्रतिबंध के अंतर्राष्ट्रीय संगठन “ओपीसीडब्ल्यू” की साख पर प्रश्न चिन्ह लग जाएगा।

उल्लेखनीय है कि रूसी विदेश मंत्रालय ने ब्रिटेन के सेलिसबरी शहर में पूर्व डबल एजेंट सर्गेई स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया को ज़हर दिए जानें के मामले में अमेरिका द्वारा रूस पर लगाए जा रहे सभी आरोपों को ख़ारिज कर दिया है।

ज्ञात रहे कि अमेरिका ने ब्रिटेन के सेलिसबरी शहर में पूर्व डबल एजेंट सर्गेई स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया पर रासायनिक हमले का आरोप रूस पर लगाया है और घोषणा की है कि 22 अगस्त 2018 से रूस पर अमेरिकी प्रतिबंध लगा दिए जाएंगे।