AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ईरान रेडियो
शनिवार

8 नवंबर 2014

4:16:54 pm
650043

यमन में नई सरकार के ऐलान की राष्ट्र संघ ने स्वागत किया।

यमन में देश को राजनैतिक संकट से निकालने के लिए नई सरकार के गठन की घोषणा हो गयी है जिसमें 36 मंत्री शामिल हैं।

अबनाः यमन में देश को राजनैतिक संकट से निकालने के लिए नई सरकार के गठन की घोषणा हो गयी है जिसमें 36 मंत्री शामिल हैं।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार यमन में 21 सितंबर को नई सरकार का गठन होना था किन्तु कुछ अड़चनों के कारण यह प्रक्रिया विलंब का शिकार हो गयी। वर्तमान सरकार में चार महिला मंत्री हैं जबकि पूर्व के चार मंत्रियों को उनके पद पर बाक़ी रखा गया है और तीन मंत्रियों को नये क़लमदान दिए जाएंगे। पहली नवंबर को देश के राजनैतिक दलों ने यमन के मामले में संयुक्त राष्ट्र संघ के विशेष दूत जमाल बिन उमर की उपस्थिति में नई सरकार के गठन के लिए समझौता किया था। अंसारुल्लाह आंदोलन और अलइसलाह पार्टी के प्रतिनिधि ने राष्ट्रपति अब्दो रब्बे मन्सूर हादी और प्रधानमंत्री ख़ालिद बहाह को नई सरकार के गठन के लिए अधिकृत किया था।
दूसरी ओर संयुक्त राष्ट्र संघ ने कहा है कि देश की वर्तमान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी यमनवासियों की भागीदारी महत्त्वपूर्ण है। संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव बान की मून ने शुक्रवार को अपने बयान में, यमन में नई सरकार के गठन का स्वागत करते हुए इसे देश में राजनैतिक स्थिरता के लिए महत्त्वपूर्ण क़दम बताया।
उधर वाइट हाऊस ने यमन में नई सरकार के गठन का स्वागत करते हुए कहा कि समस्त पक्षों को अपने मतभेद भुलाकर नई सरकार के साथ काम करना चाहिए। ज्ञात रहे कि यमन में शुक्रवार को ख़ालिद बहाह के नेतृत्व में नई राष्ट्रीय सरकार के गठन की घोषणा हुई।