AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ابنا
मंगलवार

2 जनवरी 2024

4:19:45 am
1425917

अमेरिका, शोक सभा में बदली न्यू ईयर पार्टी, फायरिंग में तीन लोगों की मौत

लॉस एंजिल्स शहर के एक व्यावसायिक इलाके में न्यू ईयर पार्टी चल रही थी। गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

अमेरिका के लिए नासूर बन चुका गन कल्चर नए साल की पार्टी को भी शोक सभा में बदल गया। नए साल का आगाज होते ही अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटना सामने आई है।

लॉस एंजिल्स में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई गोलीबारी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि लॉस एंजिल्स शहर के एक व्यावसायिक इलाके में न्यू ईयर पार्टी चल रही थी। गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि एक पुरुष और महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अधिकारियों ने शुरुआत में बताया था कि तीन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि, बाद में आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई। बताया जा रहा है कि यह गोलीबारी एक पार्टी में विवाद के कारण हुई। फिलहाल किसी भी संदिग्ध के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

गोलीबारी की एक अन्य घटना हॉथोर्न शहर में सामने आई, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग ने बताया कि पीड़ितों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और तीन अन्य की हालत स्थिर है।