AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ابنا
सोमवार

18 दिसंबर 2023

6:08:47 am
1421057

शेख मेशाल अल अहमद अल सबाह होंगे कुवैत के नए शासक

12 बच्चों के पिता शेख मेशाल कुवैत के 17 वें शासक बने हैं। शेख मेशाल 2004 से 2020 तक कुवैत नेशनल गार्ड के उप प्रमुख थे। शेख मेशाल 2021 में ही देश के प्रमुख संवैधानिक पदों को संभाल लिए थे।

कुवैत के शासक (Emir) शेख नुआफ अल अहमद अल सबाह के निधन के बाद क्राउन प्रिंस शेख मेशाल अल अहमद अल सबाह को नया शासक नियुक्त किया गया है। शेख मेशाल दिवंगत कुवैती शासक शेख नुआफ के सौतेले भाई हैं।

बता दें कि 86 साल की उम्र में शेख नुआफ का शनिवार को निधन हो गया था।

तेल की दौलत से मालामाल खाड़ी देशों में शुमार कुवैत के उप प्रधानमंत्री और कैबिनेट मामलों के राज्य मंत्री की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि 83 वर्षीय क्राउन प्रिंस शेख मेशाल अल अहमद अल सबाह को नया शासक नियुक्त किया गया है।

कुवैत के शासक बनने से पहले शेख मेशाल अल अहमद अल सबाह कुवैत के क्राउन प्रिंस थे। 83 वर्षीय शेख मेशाल दुनिया के सबसे उम्रदराज राजकुमारों में से एक थे। अपने खराब स्वास्थ्य के कारण शेख नुआफ पहले ही अपने अधिकांश कार्यभार शेख मेशाल को सौंप चुके थे। यहां तक कि शेख मेशाल को ही 2021 से कुवैत का वास्तविक शासक कहा जाता है।

12 बच्चों के पिता शेख मेशाल कुवैत के 17 वें शासक बने हैं। शेख मेशाल 2004 से 2020 तक कुवैत नेशनल गार्ड के उप प्रमुख थे। शेख मेशाल 2021 में ही देश के प्रमुख संवैधानिक पदों को संभाल लिए थे।

कुवैत के संविधान के अनुसार, वर्तमान शासक जब कार्य करने में सक्षम नहीं होता है तो क्राउन प्रिंस ही शासक बन जाता है। अगले कुछ दिनों में शेख मेशाल कुवैत की संसद में शपथ लेने के बाद देश की सत्ता संभालेंगे। नए शासक के पास अपना उत्तराधिकारी तय करने के लिए एक साल का समय होता है। यानी नए राजकुमार का नाम तय करने के लिए शेख मेशाल के पास एक साल का समय होगा।

नए शासक के तौर पर शेख मेशाल को अपना उत्तराधिकारी चुनने की चुनौती होगी। क्योंकि कुवैत के सत्तारूढ़ परिवार की युवा पीढ़ी में क्राउन प्रिंस बनने को लेकर आए दिन संघर्ष होते रहे हैं। सबाह परिवार के भीतर इस तरह के गुटीय संघर्ष अक्सर संसद में भी देखने को मिलती है।