AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : ابنا
सोमवार

6 नवंबर 2023

11:02:48 am
1409060

असम की एक मस्जिद में नमाज के दौरान हमला, पेश नमाज़ की मौत

पुलिस ने संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है, हमलावर की पहचान 42 वर्षीय स्थानीय व्यक्ति मुहम्मद इब्राहीम अहमद के रूप में हुई है। कुछ दिन पहले मौलाना और मुहम्मद इब्राहीम अहमद के बीच बहस हुई थी।


असम से एक दिल दहला देने वाली घटना की खबर आ रही है। असम के तिनसुकिया जिले की एक मस्जिद में फज्र की नमाज अदा करते समय एक इमाम की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। असम ट्रिब्यून के मुताबिक, मकुम कलाबाड़ी इलाके में मस्जिद के 55 वर्षीय इमाम मौलाना तहज़ीबुल सलाम की नमाज के दौरान चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। एक नमाज़ी ने हमलावर को रोकने की कोशिश भी की लेकिन वह हमला करके भाग निकला।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है, हमलावर की पहचान 42 वर्षीय स्थानीय व्यक्ति मुहम्मद इब्राहीम अहमद के रूप में हुई है। कुछ दिन पहले मौलाना और मुहम्मद इब्राहीम अहमद के बीच बहस हुई थी।

पुलिस द्वारा दिए गए विवरण के अनुसार, मुहम्मद इब्राहीम अहमद फ़जर की नमाज़ के दौरान चाकू लेकर मस्जिद में दाखिल हुआ और नमाज़ पढ़ा रहे मौलाना पर चाकू से कई वार किए। भीषण हमले में मौलाना की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी मौके पर ही फरार हो गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जब मौलाना की इब्राहीम से बहस हुई तो मस्जिद के नमाजियों ने उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, लेकिन मौलाना ने ऐसा करने से इनकार कर दिया और कहा कि 'अल्लाह मेरी रक्षा करेगा। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।