AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : Parstoday
रविवार

25 जून 2023

5:11:25 pm
1375291

रूस में बगावट का संकट समाप्त, वागनर के चीफ़ ने किया समझौता, पुतीन ने दे दी माफ़ी

रूस की प्राइवेट मिलिट्री कंपनी वागनर ने बग़ावत की योजना समाप्त करते हुए मास्को की तरफ़ कूच करने का सिलसिला रोक दिया।

बग़ावत की शुरुआत गत शुक्रवार शाम को हुई और शनिवार को पूरे दिन यह संकट जारी रहा यहां तक कि शनिवार की रात बेलारूस के राष्ट्रपति इलेग्ज़ेंडर यूकाशेन्को की मध्यस्थता से एक समझौता हुआ और वागनर ग्रुप के प्रमुख ईवगेनी प्रीगोज़िन ने बग़ावत का कार्यक्रम रोकने का एलान कर दिया।

हथियारों से लैस कांट्रैक्टर्ज़ रूसी सेना के एक क्षेत्रीय हेडक्वार्टर पर नियंत्रण करने में सफल हुए मगर अन्य इकाइयों पर नियंत्रण की उनकी कोशिश सफल नहीं हुई आर आख़िरकार उन्होंने मास्को की तरफ़ बढ़ने का इरादा छोड़ दिया।

लुकाशेन्को की मध्यस्थता से होने वाले समझौते में प्रीगोज़ीन को क्षमा करने जैसी कुछ शर्तें शामिल हैं।

वगनर मिलिट्री ग्रुप के लड़ाकों ने रूसी सेना के साथ मिलकर युद्ध किया और बाख़मोत शहर पर क़ब्ज़ा करवाने में भूमिका निभाई।

वागनर ग्रुप के प्रमुख प्रीगोज़ीन रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शुइगो और चीफ़ आफ़ जनरल स्टाफ़ जनरल वालेरी गेरासीमोव के कठोर आलोचक माने जाते हैं। उनका कहना है कि यूक्रेन के ख़िलाफ़ रूस के सैनिक आप्रेशन को इन अधिकारियों  ने सही ढंग से नहीं अंजाम दिया।

प्रीगोज़ीन ने शुक्रवार की रात रूसी सेना पर आरोप लगाया कि उसने वागनर ग्रुप के फ़ील्ड कैम्प पर हमला किया है। रूसी सेना की ओर से इस आरोप का खंडन किया गया मगर इस बीच प्रीगोज़ीन ने एलान कर दिया कि उनका ग्रुप अब मास्को की ओर बढ़ रहा है और हम न्याय लेकर रहेंगे।

शनिवार को आगे बढ़ते हुए वागनर ग्रुप ने रोस्तोव नाम के शहर में रूसी सेना के हेडक्वार्टर को अपने नियंत्रण में ले लिया। अलबत्ता इस पूरी घटना में कोई जानी नुक़सान नहीं हुआ।

रूस की फ़ेडरल सेक्युरिटी सर्विसेज़ ने वागनर के चीफ़ के ख़िलाफ़ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया और उन पर देश के ख़िलाफ़ बग़ावत का आरोप लगाया। रूस के राष्ट्रपति व्लादमीर पुतीन ने शनिवार को भाषण दिया और वागनर ग्रुप पर देश और जनता से ग़द्दारी करने और पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया। उन्होंने एकता की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए कहा कि क़ानून और व्यवस्था को बहाल रखने के लिए हर ज़रूरी क़दम उठाया जाएगा।

इस बीच वागनर के चीफ़ ने रूसी सेना की युनिटों को अपने साथ मिलाने की कोशिश की जिसमें वो नाकाम रहे जबकि दूसरी तरफ़ बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेन्को ने प्रीगोज़ीन से रूसी राष्ट्रपति पुतीन की तरफ़ से बात की और वागनर चीफ़ समझौते के लिए तैयार हो गए। उन्होंने सुरक्षा गैरेंटी ली और उसके बाद एलान कर दिया कि उनकी युनिटें अब अपने ठिकानों की तरफ़ लौट रही हैं। कुछ ही देर बाद रोस्तोव शहर के अधिकारियों ने पुष्टि कर दी कि वागनर ग्रुप के लोग शहर से वापस चले गए हैं।

क्रेमलिन हाउस की तरफ़ से एलान किया गया कि रक्तपात से बचने के लिए वागनर के ख़िलाफ़ मुक़द्दमा वापस लिया जा रहा है और वो बेलारूस चले जाएंगे। जबकि यूक्रेन सीमा पर मिलने वाली कामयाबियों में भूमिका की वजह से वागनर के सदस्यों को अदालती कार्यवाही से छूट दी जाएगी।

342/