AhlolBayt News Agency (ABNA)

source : IQNA
रविवार

1 जनवरी 2023

8:00:02 pm
1335207

पुतिन और जेलेंस्की दोनों ने किया जीत का दावा

रूस और यूक्रेन दोनों देशों के राष्ट्रपति ने नए साल पर अपने-अपने देशवासियों को संबोधित किया और युद्ध में जीत हासिल करने का दावा किया।

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 24 फरवरी से युद्ध जारी है। फरवरी 2022 से रूस लगातार मिसाइलों की बौछार से यूक्रेन को ढेर करने की कोशिश कर रहा है। नए साल में भी इस युद्ध के खत्म होने का कोई संकेत नहीं है। शनिवार रात को घड़ी में जैसे ही 12 बजे, रूसी मिसाइलों ने राजधानी कीव समेत अन्य शहरों को अपना निशाना बनाया। नए साल पर रूस का यह पहला हमला था। इसी बीच दोनों देशों के नेताओं ने अपनी अपनी जीत का दावा किया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के भाषण में दर्द और जवानों के लिए आभार दिखा तो वहीं रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने देशवासियों को कर्तव्यों की याद दिलाई। दोनों ही नेताओं ने इस युद्ध को अस्तित्व की लड़ाई बताया और जल्द ही इसका परिणाम निकलने का वादा किया।

जेलेंस्की ने अपने 17 मिनट के वीडियो संदेश में युद्ध के कुछ सबसे नाटकीय क्षणों को याद किया और अपने भाषण में देश पर रूस के हमलों के दौरान अंधेरे और ठंड का सामना कर रहे देशवासियों पर गर्व जताया। देशवासियों को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनियन जीत हासिल करने तक लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि पूरा देश एक टीम के रूप में लड़ रहा है। मैं इसके लिए सभी की प्रशंसा करता हूं। मैं यूक्रेन के हर एक अजेय क्षेत्र को धन्यवाद देना चाहता हूं, हम जीत के लिए लड़ते रहेंगे, जेलेंस्की ने कहा कि हमसे कहा गया था कि आपके पास आत्मसमर्पण करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है, हम कहते हैं कि हमारे पास जीतने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।

उधर रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने 9 मिनट लंबे अपने संबोधन में कहा कि हमारी सेना अपनी मातृभूमि, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रही है। हम जंग जीतेंगे, अपने परिवारों के लिए रूस के लिए। रूस के सरकारी टेलीविजन ने पुतिन के भाषण को पूरे देश में दिखाया। पुतिन ने कहा कि पिछले साल हमने कई चीजों को ठीक किया। हमने साहस और वीरता को धोखेबाजी और कायरता के चंगुल से आजाद किया। हम मिलकर सभी मुसीबतों से पार पाएंगे और अपने देश की महानता को बचाएंगे।

व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका सहित समस्त पश्चिमी देशों पर जंग को भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों ने रूस को युद्ध के लिए मजबूर किया। अमेरिका और पश्चिमी देशों ने झूठ बोला और अब वह यूक्रेन और उसके लोगों को रूस के खिलाफ इस्तेमाल कर रहे हैं जिसे हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। MM

342/